खटीमा: अभिभावकों ने निकाली निजी स्कूल प्रबंधन के पुतले की शव यात्रा
खटीमा, अमृत विचार। भाजपा कार्यकर्ताओं और निजी स्कूलों के अभिभावकों का मंगलवार को भी तहसील परिसर में तीन सूत्रीय मांग को लेकर गुस्सा फूटा। आक्रोशित लोगों ने निजी स्कूल प्रबंधनों के पुतले की शव यात्रा निकालकर दहन किया। उन्होंने तत्काल सिटी कान्वेंट स्कूल में एनसीईआरटी की पुस्तकें लगाने समेत तीन सूत्रीय मांगों को उठाया।
बता दें कि पिछले कई दिनों से भाजपा के अनेक कार्यकर्ता व अभिभावक आंदोलनरत हैं। मंगलवार को भी आक्रोशित लोग तहसील में एकत्र हुए और धरना प्रदर्शन कर निजी स्कूल प्रबंधन के पुतले की शव यात्रा निकाली और पुतले का दहन कर कड़ा रोष जताया। इस बीच जमकर नारेबाजी की गई।
वक्ताओं ने कहा कि उनकी मांगों का अभी तक निस्तारण नहीं हुआ है। उन्होंने तीन सूत्रीय मांगों में स्कूल में एनसीईआरटी की पुस्तकें लागू करने व लीड कोर्स को बंद करने व डेवलपमेंट चार्ज के रूप में मानमानी फीस बंद करने की मांग उठाई, जबकि तीसरी मांग में शिक्षकों को समय पर वेतन देने की मांग उठाई। आक्रोशित भाजपाइयों व अभिभावकों ने तहसील परिसर में नोरबाजी कर रोष जताया। उन्होंने मांगों का निदान न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
इस मौके पर भाजपा जिला मंत्री किशोर जोशी, भुवन जोशी, झनकट मंडल अध्यक्ष विमला बिष्ट, महेश राणा, दीपक भट्ट, प्रेम प्रकाश जोशी, मोहित जोशी, प्रेमा महर, कौशल्या बाफिला, जितेंद्र जोशी, हरीश सिंह बिष्ट, दिनेश भट्ट, शांति, निशा गड़कोटी, पूजा सुतेड़ी, गीता, रेनू चंद, अनु कपूर, नीमा जोशी, गंगा देवी, दिनेश समेत अनेक भाजपाई व अभिभावक मौजूद रहे।
