अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, पांच लोगों की मौत, सात घायल
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में पूर्वी मेदिनीपुर जिले के इगरा में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार को हुए विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गयी, जबकि सात घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। राज्य के पर्यावरण मंत्री मानस रंजन भूइयां ने विस्फोट की पुष्टि की है और इस धमाके में लोगों की मौत होने पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावितों को राहत प्रदान करने के लिए कदम उठायेगी।
उन्होंने कहा, हम लोगों से उनके क्षेत्र में चल रहे किसी भी अवैध पटाखा फैक्ट्री के बारे में सूचित करने की अपील करते हैं... हम ऐसी इकाइयों के विरुद्ध कड़े कदम उठायेंगे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विस्फोट ‘इतना जबर्दस्त था’ कि जिस आवास में यह फैक्टरी चल रही थी, वह ढह गया। अधिकारियों ने पहले मरने वाले लोगों की संख्या तीन बताई थी, लेकिन और घायलों के दम तोड़ने के साथ मृतक संख्या बढ़ गयी। पुलिस अधिकारी ने कहा, यह (विस्फोट) एक मकान के अंदर हुआ, जहां पटाखे की फैक्ट्री चल रही थी। इस मामले में जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि पूरा मकान ‘युद्ध क्षेत्र’ जैसा नजर आ रहा था।
ये भी पढे़ं- नवाब मलिक की जमानत पर तत्काल सुनवाई की याचिका खारिज
