हल्द्वानी: शहर से बाहर शिफ्ट होंगे 11 पटाखा गोदाम-दुकानें
हल्द्वानी, अमृत विचार। आबादी के बीचोबीच और आबादी से सटे हुए इलाकों में बनीं पटाखों की 11 दुकानें व गोदाम शहर से बाहर शिफ्ट होंगे। प्रशासन व अग्निशमन विभाग ने दुकानों की शिफ्टिंग के लिए प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण कर लिया है। जल्द ही दुकानों की शिफ्टिंग हो जाएगी।
सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने 11 पटाखा दुकानों व गोदामों को आबादी से दूर शिफ्टिंग के लिए नोटिस दिए थे। हालांकि दो हफ्ते पूर्व नोटिस जारी किए गए थे लेकिन पुलिस के जरिए नोटिस तामीली में समय लग गया।
इधर, सोमवार-मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह व सीएफओ संजीवा कुमार ने पटाखों की दुकानों व गोदाम की शिफ्टिंग के लिए प्रस्तावित गोदाम के लिए रामपुर रोड, आरटीओ रोड का निरीक्षण किया। इनमें अधिकतर गोदाम आबादी से दूर मिले हैं, अग्निशमन के सभी मानकों का पालन करते हैं। अग्निशमन ने गोदामों के निरीक्षण के बाद रिपोर्ट बना रहे हैं। संभावना जताई जा रही है कि नोटिस अवधि में सभी पटाखा गोदाम आबादी से दूर शिफ्ट हो जाएंगे।
शहर व आबादी के बीचोबीच पटाखे की 11 दुकानों-गोदामों को शिफ्ट करने के नोटिस दिए थे। सभी ने आबादी से बाहर नए स्थान चिन्हित कर लिए हैं। प्रशासन, अग्निमशन विभाग ने इन प्रस्तावित स्थानों का निरीक्षण कर लिया है। नोटिस अवधि पूरे होने से पूर्व दुकानें शिफ्ट हो जाएंगीं।
- ऋचा सिंह सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी
