Farrukhabad: चोरी के इरादे से घर में घुसे चार चोर, मकान मालिक को देखकर दो मंजिला छत से कूदे, तीन भागे, एक गिरफ्तार
फर्रुखाबाद में चोरी के इरादे से चार चोर घर में घुसे।
फर्रुखाबाद के कादरीगेट थाना क्षेत्र में बंद मकान में चोरी करने के लिए चार युवक घुसे। उसी दौरान मकान मालिक आ गए। जिस कारण चारों युवक दो मजिला छत से नीचे कूद पड़े।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। ताला तोड़कर घर में घुस कर चोरी करते समय पड़ोसियों के शोर मचाने से घवराये चार युवक दो मंजिला छत पर चढ़ गए। लोगों को आता देखकर चारों छत से कूद नीचे कूद गए। इससे एक युवक के दोनों पैरों में चोट आ गई। इससे वह वहीं गिर गया। तीन साथी नगदी व जेवर लेकर भाग गए। स्थानीय लोगों युवक को घेर लिया। घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टर ने बताया कि युवक के दोनों पैर फैक्चर हो गए हैं। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह चोरी करने के लिए गया था, उसके साथ तीन साथी और थे। जो भाग गए हैं। घर के स्वामी ने चोरी की तहरीर थाने में दी है।
कादरीगेट थाना क्षेत्र के गांव दीनदयाल बाग अमेठी कोहना निवासी लालमन पांडेय के भाई श्याम सुंदर गांव जिठौली में रहत हैं। उन्होंने 16 मई को यज्ञ और भंडारे का आयोजन किया था। जिसमें शामिल होने लालमन परिवार समेत गए थे। घर में ताला पड़ा था। रात करीब साढ़े नौ बजे पडोसी पवन शुक्ला ने लालमन पांडेय के दरवाजे पर लगे ताले को टूटा देखा। उन्होंने लालमन को फोन से घटना की जानकारी दी। लालमन परिवार समेत घर पर आए और पड़ोसियों के साथ घर के अंदर गए।
इसकी भनक लगने पर घर में घुसे युवक डर के कारण छत पर भाग गए। पीछे से लालमन पांडेय भी अन्य लोगों के साथ गए। यह देखकर युवक दो मंजिला छत से नीचे कूद गए। एक युवक के चिल्लाने की आवाज सुनकर सभी लोग घर के बाहर आए और मकान के पीछे जाकर देखा की एक युवक जमीन पर पड़ा था और चिल्ला रहा था। उसको सभी ने घेर लिया। घटना की जानकारी पांचालघाट चौकी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को लोहिया में भर्तीकराया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम आलोक बाल्मीकि बताया। उसने बताया कि उसके साथ तीन अन्य लोग थे, जो घर में चोरी करने के लिए घुसे थे। छत से कुछ कर तीनों साथी भाग गए हैं। वह पहली वार चोरी करने गया था। डाक्टर ने बताया कि आलोक के दोनों पैर फैक्चर हो गए हैं। वहीं लालमन पांडेय ने घटना की तहरीर दी। इसमें कहा कि घर में रखे 1.65 लाख रुपये नगद, एक चेन, एक हार, चार चूड़ी, चार अंगूठी, समेत अन्य जेवर चोर चोरी कर ले गए हैं।
