अब शाम को बरेली-दिल्ली उड़ान भर रही एलाइंस की फ्लाइट
बरेली, अमृत विचार। दोपहर में आने-जाने वाली बरेली-दिल्ली फ्लाइट का ऐसा शेड्यूल बदला है कि फ्लाइट अब शाम को उड़ान भर रही है। इससे व्यापारियों, जरूरतमंद लोगों के साथ उन लोगों को दिक्कत होने लगी है जो सुप्रीम कोर्ट में जरूरी काम निपटाकर दोपहर में दिल्ली जाकर रात को ट्रेन से वापस लौट आते थे। अभी तक फ्लाइट दोपहर में दिल्ली से आकर आधे घंटे रुककर दिल्ली उड़ जाती थी।
एलाइंस एयर की बुकिंग बेवसाइट पर बरेली-दिल्ली फ्लाइट की टाइमिंग अपडेट हो गई है। वेबसाइट के अनुसार दिल्ली से एटीआर-72 दोपहर बाद 3.15 बजे उड़ान भरकर 4.15 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचेगा। यहां करीब 30 मिनट रुकने के बाद एटीआर बरेली से शाम 4.45 बजे उड़ान भरकर 5.45 बजे न्यू दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेगा। इस टाइमिंग से व्यापारियों को दिक्कत हो रही है।
शाम की टाइमिंग होने से एयर ट्रैफिक पर भी प्रभाव पड़ने की बात सामने आई है। इसके साथ दिल्ली से बरेली आने का टिकट 1890 रुपये है तो बरेली से दिल्ली जाना महंगा है। बरेली से दिल्ली का टिकट 2205 रुपये का बुकिंग वेबसाइट पर शो हो रहा है। वहीं, इंडिगो एयरलाइंस की बरेली टू जयपुर फ्लाइट के समय में अभी कोई बदलाव नहीं हुआ है। बरेली से पूर्वाह्न 11.40 बजे उड़ान भरकर 12.50 बजे जयपुर पहुंचती है। जबकि जयपुर से सुबह 9.40 बजे उड़ान भरकर पूर्वाह्न 11 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंच रही है।
बरेली-लखनऊ फ्लाइट का जिक्र भी खत्म
बरेली से लखनऊ फ्लाइट के संचालन को लेकर अब कोई जिक्र तक नहीं होता है। एलाइंस एयर ने इस वर्ष कई शहरों के लिए नई उड़ानें शुरू कीं, लेकिन लखनऊ उड़ान का कोई जिक्र नहीं हो रहा है। बरेली एयरपोर्ट के अधिकारी ने बताया कि लखनऊ फ्लाइट के समय में अभी कोई सुनवाई नहीं है। एयरपोर्ट परिसर में बड़े एप्रन बनवाए जा रहे हैं। कुछ काम रह गया है। इसके साथ एयरफोर्स सीमा में भी 185 मीटर का टैक्सी-वे के चौड़ीकरण का कार्य होना है। निर्माण कराने के लिए उच्च स्तर पर रक्षा मंत्रालय से अनुमति लेने की प्रक्रिया शुरू की है। अनुमति मिलने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
ये भी पढे़ं- बरेली: पिकअप के साथ तीन पशु तस्करों को पकड़ा, रिपोर्ट दर्ज
