Banda News: DRM ने रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण, भव्य बनेगा प्रवेश द्वार और यात्री प्रतीक्षालय, दिए ये निर्देश
बांदा में डीआरएम ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।
बांदा में डीआरएम ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। रेलवे स्टेशन का प्रवेश द्वार और यात्री प्रतीक्षालय भव्य बनेगा।
बांदा, अमृत विचार। उत्तर मध्य रेलवे मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशुतोष कुमार ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते हुए यात्री सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए। कुछ खामियां मिलने पर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा। बताया कि खैराडा से मानिकपुर के बीच लगभग 70 किलोमीटर तक रेल ट्रैक बदलने का काम जल्द शुरू होगा।
डीआरएम ने बुधवार को शाम रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते हुए यहां कराए जा रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया और गुणवत्ता परखी। कुछ स्थानों पर खामियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सुधार की हिदायत दी। कहा कि रेलवे स्टेशन में यात्री सुविधाओं का विशेष ख्याल रखा जाए। सरकार की मंशा के मुताबिक ही काम कराएं जाएं। बाद में डीआरएम ने बताया कि उन्होंने पुर्नविकास योजना के तहत शामिल बुंदेलखंड के स्टेशनों का निरीक्षण किया है।
बताया कि खैराड़ा से मानिकपुर के बीच 70 किलोमीटर रेलवे ट्रैक बदलने का काम जल्द शुरू होगा। स्टेशन में यात्री प्रतीक्षालय और प्रवेश द्वार भव्य बनेंगे। यात्रियों की सुविधाओं के लिए लिफ्त लगेगी। प्लेटफार्म पर अत्याधुनिक डिस्प्ले लगेगा। कहा कि एक सप्ताह में मंडलायुक्त समेत जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों का खाका तैयार किया जाएगा। सांसद प्रतिनिधि वीके सिंह ने डीआरएम को मांग पत्र सौंपकर चित्रकूट-हरिद्वार ट्रेन चलाने की मांग की।
