बरेली: काम आई सख्ती...आने लगा प्रत्याशियों के चुनावी खर्च का ब्यौरा
बरेली, अमृत विचार। नगर निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद भी खर्च का ब्यौरा नहीं मुहैया कराए जाने को लेकर ट्रेजरी की ओर से जारी किए गए पत्रों और चेतावनी का असर दिखने लगा है। बुधवार को काफी संख्या में प्रत्याशियों ने खर्च संबंधी ब्यौरा कोषाधिकारी कार्यालय भिजवाया। उन सभी का मिलान शुरू हो गया है।
नगर निगम में मेयर, पार्षद, नगर पालिका, पंचायतों में अध्यक्ष, सभासदों का चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार तीन चरण गुजरने के बाद भी खर्च का विवरण नहीं दे रहे थे। इसको लेकर डीएम ने सख्ती बरतते हुए मुख्य कोषाधिकारी को आदेश दिए थे। इसके बाद कोषाधिकारी के कार्यालय से इसको लेकर प्रत्याशियों को कई बार पत्र भेजे गए। बाद में 16 से 18 तक खर्च का ब्यौरा न देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई इसका असर पहले दिन तो नहीं, लेकिन दूसरे दिन 17 मई को जरूर दिखा।
सुबह से ही कई प्रत्याशी खुद तो कुछ ने अपने प्रतिनिधियों से चुनावी खर्च का ब्यौरा भिजवाया। जबकि काफी लोग ऐसे भी पहुंचे, जिनकी जानकारी आधी अधूरी थी या फिर बिलिंग ही नहीं थी। मुख्य कोषाधिकारी पारस नाथ गुप्ता ने बताया कि चुनावी खर्च का ब्यौरा आना शुरू हो गया है, लेकिन पूरा विवरण जुटाने में अभी समय लगेगा। प्रत्याशी का फाइनल खर्चा बाद में पता चल सकेगा।
ये भी पढे़ं- बरेली: गन्ना सट्टा की सीमा बढ़ी, 40 हजार किसानों को फायदा
