शाहजहांपुर: देवर के लिए उजाड़ दिया सुहाग, पति को खिला दी नींद की गोलियां, फिर चाकु से गोदकर मार डाला
अल्हागंज/ शाहजहांपुर, अमृत विचार। देवर से अवैध संबंधों के चलते महिला ने पत्नी ने अपने सुहाग को ही उजाड़ दिया। पत्नी ने पहले खाने में नींद की गोलियां मिला दीं, फिर सोते समय पति के सिर पर ईंट प्रहार कर और चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। सुबह लोगों को जानकारी हुई तो घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी और भाई को हिरासत में ले लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला बगिया प्रथम निवासी 35 वर्षीय अनुज कुमार पुत्र शिव बहादुर उर्फ पप्पू मिस्त्री बाईपास रोड पर स्थित ट्रैक्टर मैकेनिक की दुकान पर काम करता था। वह रात एक बजे काम करके घर पर आया। वह खाना खाकर अपने घर पर चारपाई पर सो गया। उसकी पत्नी ने सुबह चार बजे शोर मचाया कि उसके पति का शव खून से लथपथ पड़ा है। लोगों की भीड़ लग गई।
सूचना पर एसओ संजय कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और उसकी पत्नी से घटना के बारे में जानकारी की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सूचना दी। एसपी एस. आनंद व सीओ जलालाबाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक की पत्नी सोनी व उसके छोटे भाई श्यामपाल से पूछताछ की।
दोनों लोग घटना के बारे में अलग-अलग तरीके से बता रहे थे। उसकी पत्नी कह रही थी कि उनका शव खून से लथपथ पड़ा था ओर भाई कह रहा था कि मकान की छत से गिरकर मौत हो गई। पुलिस को शक होने पर पर दोनों लोगों से कड़ाई से पूछताछ की। दोनों लोगों ने अनुज की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ संजय कुमार ने बताया कि पिता की तहरीर शिव बहादुर की तहरीर पर दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
खाना में पहले नींद की गोली दी थी
मृतक अनुज की पत्नी सोनी व उसके भाई श्यामपाल ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि रात में काम करके घर पर आया था। सोनी ने खाना में उसे नींद की गोलियां दी थी। जब वह चारपाई पर लेट गया तो नींद में सो गया। इस पर उसके सिर पर ईट मारी। ईट मारने के बाद रस्सी से उसका गला दबाया और मर जाने के बाद उसे चाकुओं से गोद डाला ताकि कहीं जिंदा न बच जाए। पुलिस ने घर के अंदर से खून से सनी ईट, रस्सी व चाकू बरामद कर लिया है।
पति के दिल्ली में काम करने के दौरान देवर से हो गया था प्रेम
मृतक अनुज के पिता शिव बहादुर मोहल्ले में अलग रहते हैं। उसका दूसरा बेटा श्यामपाल उसके साथ रहता था। अनुज ने ट्रैक्टर रिपेयरिंग की दुकान खोली थी। दुकान का किराया अधिक होने पर दुकान बंद कर दी थी। वह अपनी पत्नी सोनी और आठ साल के बेटे राघव को छोड़कर दिल्ली काम करने के लिए चला गया था।
अनुज ने दिल्ली में तीन माह तक कार्य किया था और एक माह पूर्व दिल्ली से आ गया था और यहां आकर कार्य करने लगा। देवर-भाभी में उस समय अवैध संबंध हो गए थे। उसे जानकारी हुई तो वह अपनी पत्नी को अपने भाई से बोलने के लिए मना करता था। दोनों लोगों ने अनुज को रास्ते से हटाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से हत्या कर दी।
देवर-भाभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पहले नींद की गोली देने के बाद उसकी चाकुओं से गोदकर हत्या की गई है। घटना के पीछे देवर-भाभी के अवैध संबंध बताया जा रहा है। इस घटना की जांच की जा रही है। शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- एस. आनंद, एसपी।
ये भी पढ़ें : हॉस्पिटल संचालिका का शव चैंबर में दुपट्टे से लटका मिला, मची अफरा-तफरी
