हल्द्वानी: दिल्ली के तीन युवक दमुवाढूंगा की महिला को दे रहे अपहरण की धमकी
हल्द्वानी, अमृत विचार। महिला ने दिल्ली के तीन युवकों पर अपहरण की धमकी और वसूली का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस से तीनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जवाहर ज्योति दमुवाढुंगा निवासी कविता आर्य ने पुलिस को तहरीर सौंप कर कहा कि पति राजीव आर्य एक कंपनी में काम करते हैं, वह काम के सिलसिले में घर से बाहर रहते हैं। आरोप लगाया कि दिल्ली के रहने वाले तीन युवक फोन कर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं। विरोध करने पर बच्चे की हत्या करने की धमकी देते हैं।
बीती 21 मार्च को आरोपी घर में घुस गए और कुछ दस्तावेजों और चेक पर साइन करवा लिए। उनका कहना है कि आरोपियों की शिकायत गाजियाबाद के राजनगर सिविल कोर्ट में की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। काठगोदाम एसओ प्रमोद पाठक ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
