बरेली: कबाड़ी से मोबीन चच्चा यू ट्यूब पर बने अभिनय के खिलाड़ी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मोनिस खान, बरेली, अमृत विचार। सिर्फ एक स्मार्ट फोन और साथ देने वाले कुछ दोस्त सोशल मीडिया के दौर में पास हों तो यह बात मायने नहीं रखती कि आप किस गली या बस्ती से आते हैं, या फिर आपकी पृष्ठभूमिका क्या है। होना चाहिये तो बस नजरिया, इसी सोच के साथ शहर के कई यू ट्यूबर्स काम कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर लाखों और करोड़ में सब्सक्राइबर उन्होंने जोड़ लिए हैं।

ऐसी ही कुछ कहानी है 63 साल के मोबीन अल्वी की, जो चार महीने पहले तक शहर के चर्चित यूट्यूबर ईशान अली के साथ काम कर रहे थे। खुदका चैनल बनाया तो जल्द ही एक लाख सब्सक्राइबर भी पूरे कर लिए। फिलहाल उनके चार लाख सब्सक्राबर होने वाले हैं। हाल ही में उन्हें यू ट्यूब ने सिल्वर बटन भी दिया। आज स्थिति यह है कि दूर दराज से लोग उनके साथ सेल्फी लेने के लिए आते हैं।

गली-गली कबाड़ खरीदने के लिए फेरी लगाकर आजीविका चलाने वाले मोबीन अली यूं तो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर 2020 में आए। सनकी दामाद के वीडियो में ससुर बने तो लोगों ने खूब सराहा। यह वीडियो इतनी चर्चित हुई कि दामाद जी के छह भाग बनाए। अब तक वह कुल 200 वीडियो में काम कर चुके हैं।

हजियापुर स्थित उनके आवास पर पहुंचे तो बाहर भीड़ लगी थी और कुछ युवा उनके साथ सेल्फी ले रहे थे। चच्चा के नाम से मशहूर मोबीन के मुताबिक उनके लिए पैसे बहुत अधिक मायने नहीं रखते। सामाजिक संदेश देने वाले शॉर्ट वीडियो बनाकर उनको जो सम्मान मिला है, यही काफी है। वीडियो बनाने से वक्त मिलता है तो फेरी लगाकर कबाड़ा बेचते हैं। कोई पहचान लेता है तो सेल्फी लेने लगता है, जिससे खुशी होती है। वह कहते हैं कि उनके इलाके को लोग हिकारत की नजर से देखते हैं, लेकिन लोगों को पता होना चाहिए कि देश का एक बड़ा यू ट्यूब कंटेंट क्रियेटर ईशान अली आज भी हजियापुर में रहता है।

वेटर का किया था काम, आज 18 मिलियन सब्सक्राइबर
हजियापुर में आवास को ही प्रोडक्शन हाउस का रूप देने वाले ईशान अली ने करीब 10 साल पहले एक्टिंग शुरू की थी। मुंबई के परिचय थियेटर और एक्टिंग गुरु सादिक खान से अभिनय की बारीकियां सीखीं। मुंबई में रहकर एक्टिंग सीखने के दौरान वेटर तक का काम करना पड़ा। 2020 में टिक टॉक से शुरूआत की थी। फादर्स डे पर वीडियो बनाया तो वायरल हो गया। टिक टॉक बैन हुआ तो यू ट्यूब शॉर्ट्स पर वीडियो बनाने लगे। आज उनके 18 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। 800 से ज्यादा वीडियो बना चुके हैं। यू ट्यूब ने उन्हें डायमंड बटन दिया है। भाई एजाज समेत 11 लोगों उनकी टीम का हिस्सा हैं।

ये भी पढे़ं- बरेली: व्यापारी घबराएं नहीं, छापेमारी नहीं सिर्फ सत्यापन करेगी जीएसटी टीम

 

 

संबंधित समाचार