Champawat News : गुलदार के भय से डंपर खाई में पलटा, दो घायल, हायर सेंटर रेफर
लोहाघाट/चंपावत, अमृत विचार। देवीधुरा मोटर मार्ग पर गुरुवार देर रात गुलदार दिखने पर गर्सलेख के पास डंपर दुर्घटना ग्रस्त हो गया। उसमें सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने रेस्क्यू कर घायलों को पाटी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पाटी थाना के उपनिरीक्षक नवल किशोर ने बताया कि गुरुवार देर रात डंपर सिमलखेत से देवीधुरा जा रहा था। पाटी से तीन किलोमीटर दूर वह गर्सलेख के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। वाहन चालक दीपक सिंह धौनी उम्र 36 वर्ष निवासी मडलक पंचेश्वर, वाहन मालिक उमेद सिंह बिष्ट उम्र 32 निवासी ढरौंज देवीधुरा दोनों घायल हो गए।
वाहन चालक और मालिक ने बताया कि डंपर के अचानक सामने गुलदार दिखने से वाहन अनियंत्रित हो गया। पाटी अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ मोनिका ने बताया कि दीपक के सिर में चोट लगने से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
यह भी पढ़ें- Champawat News : साइबर टीम ने व्यापारी के 10 लाख रुपये दिलवाए वापस
