बांदा : सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच खेलो इंडिया मशाल रैली का हुआ स्वागत
बांदा,अमृत विचार। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स मशाल रैली का भागवत प्रसाद मेमोरियल व इंटर कालेज में सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच जोरदार स्वागत हुआ। छात्र-छात्राओं ने आकर्षक रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की जमकर तालियां बटोरीं। साथ ही अन्य प्रस्तुतियों से खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के प्रति जागरूक किया।
चिल्ला रोड श्रीनाथ विहार स्थित भागवत प्रसाद मेमोरियल व इंटर कालेज में खेलो इंडिया मशाल का भव्य स्वागत किया हुआ। मशाल लेकर आए टीम लीडर हरिओम सिंह को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण से सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुूभारंभ हुआ। सिटी मजिस्ट्रेट राकेश वर्मा व क्रीड़ाधिकारी रजत वर्मा का बैच अलंकरण कर स्वागत हुआ। कक्षा दो की विभूति एवं कक्षा -4 जयति ने शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा 3 की एंजेल एवं कक्षा 8 की तान्या ने मां पर आधारित गीत पर प्रस्तुति देकर सभी की आंखें नम कर दीं। मणिकर्णिका नाटक ने दर्शकों को देशभक्ति का जोश भरा।
नृत्य कला शिक्षिका शैलजा पटेल ने भगवान श्री राम स्तुति पर शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत करके दर्शकों का दिल जीत लिया। भागवत प्रसाद मेमोरियल अकादमी एवं इंटर कॉलेज चेयरमैन शिवशरण कुशवाहा व नामित चेयरमैन अंकित कुशवाहा ने सभी का आभार जताया। इस मौके पर प्रधानाचार्य वृंदा जिनराल एवं इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह, रामेंद्र शर्मा, शिव कुमार गुप्ता, गजराज सिंह, इंद्रवीर सिंह, वासिफ जमा खां, चंद्रमौली भारद्वाज, राजकुमार राज, मनोज जैन, अंजू दमेले, सजल कुमार रेंडर आदि उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें -बांदा : 80 छात्र-छात्राओं को वितरित किए गए स्मार्टफोन
