2000 Note Update News : Fatehpur में दो हजार के नोट पर डलवाना होगा एक हजार का फ्यूल, जानें- वजह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

2000 Note Update News फतेहपुर में दो हजार के नोट पर डलवाना होगा एक हजार का फ्यूल।

2000 Note Update News फतेहपुर में 30 सितंबर से चलन से बाहर होने जा रहे इस नोट को लेकर बाजार में तरह तरह का संशय।

फतेहपुर, अमृत विचार। 30 सितंबर से दो हजार के नोट के चलन से बाहर करने के आरबीआई के फैसले से बाजार गरमा गया है। तभी तो इन नोट को बदलने व जमा करने का चार महीने से ज्यादा वक्त मिलने के बावजूद अभी से नोटबंदी जैसा सुलूक किया जाने लगा है। दुकानदार, गुलाबी नोट से परहेज कर रहे हैं तो फिलिंग स्टेशन के हालात और भी जुदा नजर आ रहे हैं। कई ऐसे फ्यूल के ठिकाने हैं जो दो हजार का नोट लेने से साफ मना कर रहे हैं तो कई गुलाबी नोट लेने के एवज में सौदा कर रहे हैं। 

भारतीय रिजर्व बैंक के शुक्रवार दो हजार का नोट बंद करने के लिए गए फैसले ने जेब की शान रहे गुलाबी नोट की अभी से कद्र कम करके रख दी है। इन नोट को 23 मई से 30 सितंबर तक जमा किया जा सकता है। ऐसे में लंबा वक्त है लेकिन कोई भी रिक्स नहीं लेना चाहता। यही कारण है कि जिनके पास यह नेाट हैं वह इन्हें ठिकाने लगाने की तरकीब में जुट गए हैं। जिससे दो हजार का नोट अभी से बंदी का हवाला देने लगा है। रविवार को कुछेक पेट्रोल व डीजल भरने के ठिकानों में गुलाबी नोट को लेकर जिस तरह से ग्राहकों से व्यवहार होता रहा। उससे उनकी परेशानी समझते बनी।

नऊवाबाग इलाके के एक फिलिंग स्टेशन में तीन सौ रूपया का पेट्रोल भरवाने वाली स्कूटी सवार महिला से दो हजार का नोट लेने से मनाकर दिया गया। महिला ने 30 सितंबर तक दो हजार की नोट चलने का हवाला दिया लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई। शहर के आईटीआई रोड के फिलिंग स्टेशन के हाल और भी जुदा नजर आए। यहां पर फ्यूल के लिए पहुंचने वाले वाहन पर दो हजार के नोट पर एक हजार रूपये का कम से कम पेट्रोल-डीजल भरवाने की बात कही जाती रही।

इससे कम का फ्यूल मांगने पर दो हजार के नोट पर दस प्रतिशत की कटौती की जाती रही। ड्यूटी में तैनात सेल्समैन सुंदर सिंह ने खुद यह बात कुबूल करते हुए दलील भी दी कि जनता भी तो अपनी घंटी दूसरे गले बांधने को गुलाबी नोट जल्दी से जल्दी अपने पास से हटाना चाहती है। 

कान पकड़कर गुलाबी नोट से तौबा

दो हजार का नोट बेशक चार महीने बाद चलन से बाहर होगा लेकिन पांच सौ और हजार की नोटबंदी देख चुकी जनता कतई रिस्क लेने के मूड में नहीं नजर आ रही है। बिंदकी व खागा तहसील मुख्यालय से लेकर कस्बाई बाजारों में भी गुलाबी नोट को लेकर तरह तरह चरचाओं का बाजार गरम है। दुकानदार, दो हजार का नोट देखकर कान पकड़ कर इसे लेने से तौबा कर रहे हैं। जिससे बहस भी हो रही है। 

संबंधित समाचार