Farrukhabad News: शादी समारोह में दुल्हन के ताऊ ने ग्रामीण को मारी गोली, देवर ने भाभी को मारी गोली
फर्रुखाबाद में शादी समारोह में ग्रामीण के और पति ने पत्नी को मारी गोली।
फर्रुखाबाद के शमसाबाद थानाक्षेत्र में शादी समारोह में ग्रामीण के गोली मार दी। इस पर उसे इलाज के लिए लोहिया में भर्ती कराया गया। ऐसे ही घर में हुए विवाद में देवर ने भाभी को गोली मार दी।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। शादी समारोह में शामिल होने गए ग्रामीण को दुल्हन के ताऊ ने गोली मार दी। इससे दावत खा रहे ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। इलाज कराने के बहाने हमलावर के पुत्र घायल को उठाकर गाड़ी में ले जाने लगे। यह देखकर घायल के भाइयों ने विरोध कर दिया। एंबुलेंस से घायल भाई को सीएचसी लेकर गए। वहां से डाक्टर ने लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। हालत में सुधार न होने पर डाक्टर ने घायल को सैफई रेफर कर दिया है। भाई की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर हमलावर को तमंचा समेत गिरफ्तार कर लिया है।
शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव बेला सराय गजा निवासी कन्हैया लाल की बेटी पूजा की शादी कामयगंज में तय हुई थी। रविवार को कायमगंज से बारात आ रही थी। घर के सामने लगे टेंट में दावत चल रही और वहीं डीजे बज रहा था। शादी में शामिल होने का निमंत्रण होने पर गांव के रहने वाले शिवशरन भाई महाराम सिंह व रामशरण की पुत्री सविता के साथ दावत खाने गए थे।
दावत खाने के बाद शिवशरन टेंट में एक किनारे बैठ गए। उसी दौरान दुल्हन के ताऊ राजाराम 12 वोर का तमंचा लेकर आए और शिवशरन पर फायर कर दिया। पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। आरोपी ने दोबारा फायर किया। इससे उसके पीठ की ओर काफी छर्रे लगे। फायर होते ही दावत खा रहे लोगों में भगदड़ मच गई। डीजे पर डांस करने वाले युवक भी वहां से भाग गए। वहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आरोपी के पुत्र आए और घायल को भर्ती कराने का बहाना बनाकर उठाकर गाड़ी में बैठाने लगे।
यह देखकर भाई महाराम ने विरोध कर दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। हमलावर वहां से भाग गया। एंबुलेंस से घायल हो सीएचसी शमसाबाद में भर्तीकराया गया। हालत गंभीर होने पर डाक्टर ने घायल को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। हालत में सुधार न होने पर घायल शिवशरन को डाक्टर ने सैफई रेफर कर दिया है। महाराम सिंह ने हमलावर राजाराम के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। महाराम सिंह ने बताया कि भाई शिवशरन दिल्ली में रहकर काम करता है। कुछ माह पहले भाई दिल्ली से घर आया और मकान बनवा रहा था।
आरोपी राजाराम भी दिल्ली में रहते हैं। वह भतीजी की शादी में शामिल होने तीन दिन पहले आए थे। बिना किसी विवाद के भाई को गोली मार कर घायल कर दिया। पुलिस ने रात में दबिश देकर आरोपी राजाराम को तमंचा के साथ गिरफ्तार कर लिया। सीओ सोहराब आलम ने बताया कि घटना की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बैंड बजा न बाजा, सादगी से हुई शादी
गांव बेला सरायगजा में कन्हैयालाल की बेटी की बरात आने से पहले गोलीकांड की घटना हो गई। इससे शादी समारोह में सन्नाटा पसर गया। बरात पहुंचने पर बैंड बाजा नहीं बजाया गया। सादगी से दरवाजा होने के बाद बरातियों ने खाना खाया और बराती घर लौट गए।
कन्हैयालाल के घर के बाहर बड़े भाई द्वारा ग्रामीण को गोली मार कर घायल करने की घटना से शादी समारोह में खुशियां फीकीं पड़ गई। घटना के बाद कायमगंज से बरात कन्हैयाल के दरवाजे पर पहुंची। उसी दौरान पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश मारने गई। घटना की जानकारी होने पर बैंड बाजा नहीं बजाया गया। बिना बैंडबाजा के बरात चढ़ी और दरवाजा हुआ। इसके बराती भोजन कर रात में ही घर लौट गए। दूल्हा विक्रम और उसके कुछ परिजन हीं रूके। रात में भांवर का कार्यक्रम होने के बाद सुबह जल्दी दुल्हन की बिदा कराकर दूल्हा घर ले गया।
गोली लगने से महिला घायल, देवर पर मारने का आरोप
संदिग्ध परिस्थितियों में घर में गोली लगने से महिला घायल हो गई। परिजनों ने उसको लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डाक्टर ने उसको सैफई रेफर कर दिया है। महिला ने देवर पर गोली मारने का आरोप लगाया है। महिला की मां ने देवर के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी और उसकी मां को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सिविल लाइन निवासी संजीव की 40 वर्षीय पत्नी बसंती रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से घायल हो गई। परिजनों ने उसको लोहिया अस्पताल में भर्तीकराया। घटना की जानकारी पर पुलिस लोहिया अस्पताल पहुंची और घायल से पूछताछ की। घायल ने देवर प्रदीप पर गोली मारने का आरोप लगाया। पड़ोसी से घटना की जानकारी मिलने पर घायल की मां भी लोहिया अस्पताल पहुंच गए। हालत गंभीर होने पर डाक्टर ने रात में ही महिला को सैफई रेफर कर दिया था।
जिला कन्नौज के थाना तालग्राम के त्योर निवासी रूपादेवी ने प्रदीप के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसकी बेटी बसंती की शादी संजीव के साथ हुई थी। संजीव शराब पीने का आदी है। बेटी के दो बच्चे हैं। मेरी बेटी बसंती मोहल्ले में झाड़ पोछा का काम कर बच्चों का पालन पोषण करती है। दामाद शराब के लिए घर से पैसा उठाकर ले जाता है। 20 मई की रात दामाद बेटी के जेवर शराब पीने के लिए घर से उठाकर ले जा रहा था। पुत्री ने रोका तो दामाद से उसका विवाद हो गया। दामाद संजीव मरवाने की धमकी देकर चला गया।
रविवार की रात करीब ढाई बजे संजीव का भाई प्रदीप घर आया और पुत्री बसंती के गोली मार दी। बच्चे चिल्लाएं तो आरोपी वहां से भाग गया। मोहल्ले के रहने वाले शब्बू ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपी प्रदीप व उसकी मां को हिरासत में लिया है। जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है।
आरोपी देवर प्रदीप ने बताया कि दो दिन पूर्व भाभी की आदते अच्छी नहीं हैं। उनकी आदतों का भाई संजीव ने दो दिन पूर्व विरोध किया था, तो भाभी ने भाई के साथ मारपीट की। जिससे भाई को काफी चोटे आई। रविवार को भाई को लोहिया अस्पताल में भर्तीकराया था। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना को लेकर जांच चल रही है।
