Rudrapur News : बदहाल सफाई व्यवस्था पर भड़के शहर के व्यापारी, मुख्य बाजार में किया प्रदर्शन

Rudrapur News : बदहाल सफाई व्यवस्था पर भड़के शहर के व्यापारी, मुख्य बाजार में किया प्रदर्शन

रुद्रपुर, अमृत विचार। बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर शहर के व्यापारी भड़क उठे हैं। उन्होंने मुख्य बाजार में धरना-प्रदर्शन कर नगर निगम के खिलाफ आक्रोश जताया। उनका आरोप था कि निगम द्वारा सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से व्यापार पर दुष्प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने आगाह किया कि यदि जल्द ही व्यवस्था को सुधारा नहीं गया तो व्यापार मंडल आंदोलन करेगा।

सोमवार को प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष संजय जुनेजा सहित तमाम व्यापारी गांधी आश्रम वाली गली मुख्य बाजार में इकट्ठा हुए और निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि नगर निगम सफाई व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है। 

मगर हकीकत यह है कि सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। जिसकी वजह से मुख्य बाजार की नालियां चोक हो चुकी हैं। बरसात के मौसम में मुख्य बाजार का मार्ग जलमग्न हो जाता है। इसके अलावा पूरे इलाके में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक शौचालयों का जीर्णोद्धार नहीं होने के कारण मूत्र मार्गों पर बहता रहता है। जिस कारण संक्रमण का खतरा बना हुआ है। इससे आसपास के व्यापारियों का व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप था कि मामले को लेकर कई बार निगम मेयर और निगम प्रशासन को अवगत कराया गया। मगर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। 

उन्होंने मेयर राम पाल सिंह से बाजार की नालियों की तली झाड़ सफाई कराने, कूड़ा करकट की नियमित सफाई करवाने, सार्वजनिक शौचालयों का पुन: निर्माण करवाने की मांग की। चेताया कि यदि उनकी मांगों पर गौर नहीं किया गया तो व्यापारी वर्ग आंदोलन करेगा। 

इस अवसर पर महामंत्री हरीश अरोरा, युवा व्यापार मंडल महामंत्री पवन गाबा, अशोक मखीजा, पारस अरोरा, राकेश मिगलानी, पुनीत ठुकराल, सचिन पुंशी, नमन आनंद, आकाश भुसरी, अशोक तनेजा, संजय नागपाल, दिनेश देवल, संजय सागर, भजन सिंह, रमेश पाल, अरविंद सागर, सतीश अरोरा, सागर छाबड़ा, मनोज नागपाल आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- G20 Summit in Uttarakhand : 25-28 मई तक होगा सम्मेलन, देहरादून से ऋषिकेश तक भव्य तैयारी 

ताजा समाचार