रुद्रपुर: महिलाओं ने चार माह में वसूला 15 लाख यूजर चार्ज
नगर निगम में पूर्व में अनुबंधित कंपनी करती थी प्रतिमाह दो लाख की वसूली
स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं कर रही हैं प्रतिमाह तीन लाख की वसूली
रुद्रपुर, अमृत विचार। नगर निगम में यूजर चार्ज की शत-प्रतिशत वसूली नहीं होने पर निगम ने पिछले दिनों स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को वार्डों से यूजर चार्ज की वसूली की जिम्मेदारी सौंपी थी। महिलाओं ने मात्र चार माह में ही करीब 15 लाख रुपये वसूल लिए हैं। इससे निगम के राजस्व में वृद्धि हुई है।
दरअसल, फरवरी में नगर निगम ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को वार्डों से कूड़े के एवज में लिये जाने वाले यूजर चार्ज की वसूली की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके एवज में महिलाओं को कुछ वसूली का 25 फीसदी दिये जाने का अनुबंध हुआ। इसके बाद स्वयं सहायता समूह की जुड़ी 89 महिलाओं ने वार्डों से 22 फरवरी से यूजर चार्ज की वसूली शुरू कर दी थी। महिलाएं अब तक 15 लाख की वसूली कर चुकी है।
निगम के अधिकारियों के अनुसार पूर्व में निगम ने एक निजी कंपनी को यूजर चार्ज की वसूली के लिए रखा था। लेकिन, कंपनी माह में दो लाख का ही यूजर चार्ज वसूल पाती थी। कंपनी से अनुबंध खत्म होने के बाद निगम के कर्मचारियों खुद वसूली शुरू की। लेकिन, कर्मचारियों की कमी के चलते निगम शत-प्रतिशत यूजर चार्ज की वसूली नहीं कर पा रहा था। निगम ने महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को इसकी जिम्मेदारी सौंपी। तब से महिलाएं प्रतिमाह तीन लाख रुपये तक की वसूली कर रही है। इससे निगम के राजस्व में लगातार वृद्धि होती जा रही है।
जब से महिलाएं वार्डों से यूजर चार्ज की वसूली कर रही है तब से लगातार राजस्व में वृद्धि हो रही है। स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मात्र चार माह में 15 लाख रुपये की वसूली कर चुकी हैं। महिलाओं की मेहनत को देखते हुए इस वित्तीय वर्ष में शत-प्रतिशत यूजर चार्ज वसूले जाने की उम्मीद है।
-रामपाल सिंह, मेयर, रुद्रपुर नगर निगम
