अमरोहा : दूल्हे पक्ष के लोगों की आरती उतारने को लेकर मारपीट, जमकर चले लात-घूंसे...तीन घायल
दूल्हे का भतीजा व दो तहेरे भाई घायल, गांव लुहारी खादर की घटना
हसनपुर (अमरोहा), अमृत विचार। बरात चढ़त के दौरान मजाक में फूस के जलते पूले से दूल्हे पक्ष के लोगों की आरती उतारने को लेकर मारपीट हो गई। इसमें दूल्हे का भतीजा व दो तहरे भाई घायल हो गए। विवाद होने के कारण वैवाहिक कार्यक्रम काफी देर रुका रहा।
घटना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लुहारी खादर की है। गांव निवासी किसान की बेटी की बरात रविवार देर शाम रहरा थाना क्षेत्र के ग्राम कसाईपुरा से आई थी। नाश्ते के बाद वर पक्ष द्वारा बरात चढ़ाई गई। बताया जा रहा है कि बरात जब वधू पक्ष के दरवाजे पर पहुंची तो दुल्हन के मामा पक्ष के लोगों ने दूल्हे के भतीजे की जलते हुए फूस के पूले से मजाक में आरती उतारने शुरू कर दी। इसी बात को लेकर वर पक्ष के लोग भड़क गए और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी। दोनों तरफ से लात-घूंसे चले।
हंगामा होने के कारण वैवाहिक कार्यक्रम रुक गया। मारपीट में दूल्हे का भतीजा बलेश, तहेरे भाई तुलसीदास, श्रीपाल घायल हो गए। तीनों घायल परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि बरात में मारपीट की तहरीर प्राप्त हुई है, कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें : अमरोहा : युवक ने फंदे पर लटककर की आत्महत्या, पत्नी से विवाद के चलते उठाया आत्मघाती कदम
