मुरादाबाद : आबकारी विभाग की समीक्षा में रामपुर और सम्भल की प्रगति खराब
स्टांप के पुराने वादों को प्राथमिकता पर करें निस्तारित: मंडलायुक्त, मंडलायुक्त की अध्यक्षता में उनके कार्यालय सभागार में हुई कर-करेत्तर राजस्व की प्रगति की मंडलीय समीक्षा बैठक
मुरादाबाद, अमृत विचार। मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को उनके कार्यालय सभागार में कर-करेत्तर राजस्व की प्रगति की मंडलीय समीक्षा बैठक हुई। मंडलायुक्त ने खराब प्रगति वाले जिलों में सुधार करने का निर्देश दिया।
उन्होंने वाणिज्यकर, स्टाम्प एवं निबंधक, परिवहन, आबकारी, विद्युत, वन, खनन, सिंचाई, खाद्य सुरक्षा, मत्स्य, चकबंदी आदि की समीक्षा की। स्टाम्प एवं निबंधन में हर जिले में प्रगति खराब होने पर बढ़ाने के तथा स्टाम्प के पुराने वादों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राजस्व वसूली पर व्यवस्थित तरीके से कार्य करें। गेंहू खरीद को लेकर अधिकारियों से कहा कि बड़े किसानों एवं आढ़तियों बात करते रहें। उन्होंने रामपुर एवं सम्भल के अधिकारियों को गेंहू खरीद पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने मुरादाबाद व बिजनौर के अधिकारियों से अमीनों से मानक के अनुसार वसूली कराने के लिए कहा। आबकारी विभाग की समीक्षा में सम्भल और रामपुर की प्रगति खराब मिली। विद्युत देयों की वसूली के संबंध में रामपुर की स्थिति खराब होने संबंधित अधिकारी को लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया। मण्डलायुक्त ने खनिज विभाग के अधिकारियों से कहा कि अवैध खनन की निरंतर निगरानी करें और सूचना पर तत्काल कार्रवाई करें।
उन्होंने आईजीआरएस प्रणाली के अन्तर्गत जनशिकायतों का प्राथमिकता से समय सीमा में निस्तारण करने का निर्देश दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी मुरादाबाद, अपर जिलाधिकारी बिजनौर, अपर जिलाधिकारी अमरोहा, अपर जिलाधिकारी रामपुर, अपर जिलाधिकारी सम्भल, सभी बंदोबस्त अधिकारी के अलावा स्टाम्प, विद्युत, खनन, वन और अन्य विभागों के मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : पूर्व सैनिकों की शिकायतों का प्राथमिकता पर निस्तारण करें अधिकारी
