Kanpur Dehat: ट्रक की चपेट में आकर हुई थी मौत, परिजनों ने शव रखकर लगाया जाम, राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला पहुंचीं
कानपुर देहात में युवक की मौत के बाद परिजनों ने लगाया जाम।
कानपुर देहात के रनियां में ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई थी। घटना से आक्रोशित परिजनों ने गल्ला व्यापारी की दुकान के बाहर हंगामा किया। जानकारी पाकर राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला भी पहुंचीं।
कानपुर देहात, अमृत विचार। रनियां में मंगलवार को ट्रक की चपेट में आए ट्रैक्टर चालक की मौत के मामले में बुधवार की चालक के परिजनों ने रूरा नहर पुल के पास गल्ला व्यापारी की दुकान के पास शव रखकर मुआवजे की मांग करते हुए हंगामा काटा और सड़क पर जाम लगा दिया। दोपहर बाद पहुंची राज्यमंत्री ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया। जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव ले गए।
रूरा थाना क्षेत्र के अंबरपुर गांव निवासी रामवचन (42) रूरा के ही शुभम गुप्ता का ट्रैक्टर चलाते थे। बीते मंगलवार को वह ट्रैक्टर में गेहूं लादकर रनियां क्षेत्र के विसायकपुर स्थित एक मिल में गए थे। वहां से गेहूं उतारने के बाद वापस रूरा जा रहे थे। तभी रनियां क्षेत्र स्थित विलेज ढाबा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर के अगले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर के अगले दोनों पहिए निकल गए और चालक राम बच्चन हाइवे पर जा गिरे थे।
इसी दौरान ट्रैक्टर का हिस्सा उनकी पीठ पर गिर गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिला अस्पताल मंे ईएमओ ने रामवचन को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को मृतक के परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर रूरा कस्बा में गल्ला व्यापारी शुभम गुप्ता की दुकान के बाहर शव रखकर हंगामा काटने लगे। साथ ही रूरा-शिवली-बनीपारा सड़क पर जाम लगा दिया। करीब पांच घंटे हंगामे के दौरान पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन मानने को तैयार नहीं हुए।
वहीं दोपहर बाद मौके पर पहुंची प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने परिजनों व गल्ला व्यापारी के बीच समझौता कराया। जिसपर गल्ला व्यापारी ने दुर्घटना क्लेम मिलने तक हर माह करीब दस हजार रुपये देने पर सहमति जताई। जिसके बाद परिजन शांत हुए और शव को अंतिम संस्कार को ले गए। थाना प्रभारी शैलेंद्र मिश्रा ने बताया कि मृतक के परिजनों व गल्ला व्यापारी के बीच आपसी समझौता हो गया है।
पांच घंटे जाम से हलाकान रहे लोग
ट्रैक्टर चालक की मौत पर आक्रोशित परिजनों ने सुबह करीब नौ बजे शव गल्ला व्यापारी की दुकान के सामने रख दिया और रूरा-शिवली-बनीपारा मार्ग पर जाम लगा दिया। जिससे वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। ऐसे में लोग तेज धूप व गर्मी से परेशान रहे। हालाकि पुलिस ने कई बार जाम खुलवाने का प्रयास जरूर किया, लेकिन लोगों के आक्रोश को देखते हुए वह जाम खुलवाने में सफल नहीं हो सके। करीब पांच घंटे बाद दोनों पक्षों में समझौता होने पर जाम खुल सका और वाहनों का आवागमन सुचारू हो सका। जिसपर लोगों ने राहत की सांस ली।
हंगामे पर कई थानों व बुलाया गया फोर्स व पीएसी
हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत पर पर बड़ी संख्या में लोगों के गल्ला व्यापारी की दुकान में हंगामा करने व सड़क जाम लगाने की सूचना पर कस्बा इंचार्ज मंजीत दयाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। जिसपर रूरा थाना प्रभारी शैलेंद्र मिश्रा फोर्स के साथ पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोगों की बढ़ती भीड़ को देख उन्होंने रसूलाबाद, मंगलपुर, शिवली समेत अन्य थानों का फोर्स व पीएसी बुलवाई। वहीं नायब तहसीलदार रवींद्र मिश्रा व सीओ अरुण कुमार सिंह भी मुस्तैद रहे।
