अमरोहा: नीलगाय की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
नौगांवा क्षेत्र के पंजेतनी गेट के पास हादसा, एक वर्ष पहले हुई थी शादी
अमरोहा/नौगांवा सादात,अमृत विचार। नीलगाय की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने अपने वाहन से युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन वह नहीं बच सका। बताया जा रहा है कि एक वर्ष पहले युवक की शादी हुई थी।
थाना क्षेत्र की जमुना चौकी इलाके के गांव हिसामपुर में स्व. रामभरोसे सिंह का परिवार रहता है। उनके दो बेटे देवेंद्र कुमार 25 व प्रेम सिंह 19 वर्ष हैं। कोरोना काल में रामभरोसे की मौत हो चुकी है। एक वर्ष पूर्व देवेंद्र कुमार की शादी ग्राम कुड़ी जब्दा थाना नौगांवा सादात के रहने वाले नन्हे सिंह की पुत्री डोली के साथ हुई थी।
शुक्रवार को कोर्ट में उसकी तारीख थी। तारीख के कागजात घर रह गए थे। देवेंद्र अपने गांव से अमरोहा के लिए कागज लेकर जा रहा था। जैसे ही वह नौगांवा सादात पंजेतनी गेट और श्रीराम किसान इंटर कॉलेज बादशाहपुर के बीच में नीलगाय ने बाइक में टक्कर मार दी।
जिससे वह सड़क पर गिर गया। हेलमेट न पहनने के कारण देवेंद्र के सिर में गंभीर चोट आयी। सूचना पर पहुंची ने उसे अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल ले गई। जहां देवेंद्र ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना की सूचना पर परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। देवेंद्र की पत्नी डोली सात माह की गर्भवती है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : कुत्ते को पीटने के विरोध पर युवक को पीटा, तीन पर रिपोर्ट
