Kashipur News: तालाब की भूमि पर बने पक्के मकान पर गरजी जेसीबी, अतिक्रमण तोड़कर मुक्त कराई जमीन
काशीपुर, अमृत विचार। तालाबों और सरकारी भूमि पर काबिज लोगों के खिलाफ प्रशासन सख्त हो गया है। प्रशासन ने पक्का व कच्चा निर्माण ध्वस्त कर वर्षों से काबिज तालाब की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस दौरान अतिक्रमणकारियों को कड़ी फटकार लगाकर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
दरअसल ग्राम महुआ खेड़ा गंज में कुछ ग्रामीणों ने तालाब की भूमि को पाटकर पक्का निर्माण, सब्जी और फसल उगाने का कार्य करते आ रहे हैं। रविवार को तहसीलदार यूसुफ अली टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने जेसीबी से अतिक्रमण हटाकर तालाब की खुदाई कराई। इस दौरान अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
उन्होंने शेष अतिक्रमणकारियों को तत्काल तालाब व सरकारी भूमि खाली करने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले प्रशासन नोटिस भेजकर तालाब की भूमि खाली करने को सचेत कर चुका है। तहसीलदार यूसुफ अली ने बताया कि महुआखेड़ा गंज में तालाब की भूमि पर ग्रामीण सब्जी और फसल उगाने का कार्य करते आ रहे हैं। जेसीबी से तालाब की खुदाई कराई गई है।
इसके बाद टीम ने गांव में ही करीब पौने आठ बीघा तालाब की भूमि को पाटकर बनाए गए पक्के मकान को ध्वस्त कराया। इस दौरान मकान स्वामी ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन प्रशासन की कार्रवाई के आगे उनकी एक न चल सकी।
तहसीलदार यूसुफ अली ने बताया कि यूपी के खनन माफिया कोसी नदी का सीना चीकर चोरी छिपे भाग निकलते हैं। जिन्हें रोकने के लिए काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। रविवार को कोसी नदी में रेलवे लाइन के पीलर के पास गार्डर डालकर यूपी की ओर भागने वाले रास्ते को बंद करा दिया।
यह भी पढ़ें- Kashipur News : महिला पहलवानों के समर्थन में किसान नेता, सरकार पर कसा तंज, जानें क्या बोल गये बाजवा
