हरदोई: दहेज के लिए शिक्षिका को ससुरालीजनों ने पहले पीटा, फिर जिंदा जला देने की दी धमकी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। हरियावां ब्लाक में तैनात शिक्षिका की शादी में 20 लाख और उसके बाद 5-5 लाख रुपये दो किस्तों में दिए जाने के बाद भी ससुरालियों का पेट नहीं भरा, उन्होंने और दहेज मांगा, जिसे देने में देरी हुई तो जिंदगी भर साथ निभाने का वादा करने वाला उसका पति जिंदगी का दुश्मन बन गया। ससुराल वालों ने पीटते हुए न सिर्फ जमीन पर घसीटा बल्कि ज़िंदा फूंकने की धमकी तक दे डाली।

मामला कोतवाली शहर के चंदीपुरवा कैनाल रोड का है। कोतवाली देहात के प्रगतिनगर निवासी ताराचन्द्र वर्मा की पुत्री वंदना वर्मा शिक्षिका है और हरियावां ब्लाक के पेंग में तैनात हैं। वंदना की शादी साल 2017 में 14 नवंबर को चंदीपुरवा कैनाल रोड निवासी धीरेन्द्र वर्मा पुत्र जानकी प्रसाद वर्मा के साथ हुई थी। शादी में 20 लाख का माल-जेवर, लग्जरी सामान के साथ-साथ बहुत कुछ दिया गया था। 

उसके बाद अप्रैल 2022 में 5 लाख नगद व 5 लाख रुपये लोन करा कर दिए गए। पुलिस को दी तहरीर में वंदना ने कहा है कि इतना सब कुछ दिए जाने के बाद भी उसके ससुराल वालों का पेट नहीं भरा, और दहेज की मांग करते हुए उसके साथ मारपीट करते हुए ज़िंदा फूंकने की धमकी देने लगे। 27 मई को ससुराल वालों ने वंदना की पिटाई करते हुए उसे ज़मीन पर घसीटा भी। 

इतना ही नहीं उसकी मां पुष्पा को फोन पर धमकाया और गाली-गलौज की। इसके अलावा वंदना ने तहरीर में और भी तमाम बातें कहीं हैं। कोतवाली शहर पुलिस ने दी गई तहरीर पर वंदना वर्मा के पति धीरेन्द्र वर्मा, ससुर जानकी प्रसाद वर्मा,सास गायत्री देवी और देवर अजय वर्मा के खिलाफ धारा 498-ए/323/504/506 और दहेज़ प्रतिषेध अधिनियम 1961 की धारा 3/4 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। जिसकी जांच एसआई संतोष कुमार शुक्ला को सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें:-UP News: समय पूर्व ओपीडी छोड़ने वाले डॉक्टरों पर होगी कार्रवाई, डिप्टी सीएम ने दिए निर्देश

संबंधित समाचार