गंगा दशहरा पर हादसा : कन्नौज में तीन घरों के बुझे चिराग, स्नान करने आए थे, बाद में घरवालों को मिली लाश, जानें- मामला
कन्नौज में गंगा स्नान के दौरान डूबने से तीन युवकों की मौत।
कन्नौज में गंगा स्नान के दौरान तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
कन्नौज, अमृत विचार। बाइक से गंगा स्नान करने आए तीन रिश्तेदार युवक गंगा के गहरे पानी में डूब गए। गोताखोरों व पीएसी के जवानों ने एक युवक को तुरंत निकाल लिया जबकि दो डूब गए। कुछ देर के बाद गंभीर हालत में उनको भी बाहर निकाल लिया गया। जिला अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
गंगा दशहरा पर्व पर ताहपुर अमोलर थाना तालग्राम निवासी जितेंद्र सक्सेना अपने ममेरे भाई अमोलर निवासी ऋषि(19) पुत्र बृजेश सक्सेना व साले कौशल(20) पुत्र सुभाष चंद्र सक्सेना निवासी फर्रुखाबाद जनपद के थाना कायमगंज के गांव अताईपुर के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर गंगा स्नान करने महादेवी घाट आए थे। मंगलवार को 11 बजे के करीब तीनों गंगा किनारे स्नान करने लगे।
इस दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए। इससे डूबने लगे। बचाव की आवाज सुन कर नाव लेकर गंगा में सुरक्षा के लिए लगे स्थानीय गोताखोर व पीएसी के जवानों ने तीनों को डूबता देखा तो मौके पर पहुंचे। इन में से उन्होंने जितेंद्र को सबसे गहरे पानी से डूबते समय बचा लिया। ऋषि व कौशल गहरे पानी में डूब कर गायब हो गए। गोताखोरों ने इन दोनों को भी बाहर निकाल लिया। उस समय दोनों की सांसे चल रहीं थीं। दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर ने जांच करने के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
जब पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त कराई तो ताहपुर निवासी जितेंद्र ने बताया कि मृतक ऋषि उसका ममेरा भाई है, जबकि कौशल उसका साला है। दोनों अविवाहित थे। मौत होने की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। आनन फानन परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। जहां महादेवी घाट गंगा जी पुलिस चौकी प्रभारी विनय कुमार शर्मा ने दोनों शवों का पंचनामा भरा। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
गंगा के गहरे पानी में डूब कर किशोर की मौत
सोमवार की शाम साथियों के साथ गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के सद्दूपुर घाट पर गंगा नहाने गया किशोर गहरे पानी में डूब गया। साथी बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इससे आसपास के लोग मौके पर पहुंच कर खोज की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से लापता किशोर की तलाश गंगा नदी के गहरे पानी में शुरू कर दी। पर उसका कोई पता नहीं चला। मंगलवार को शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सोमवार की देर शाम तालग्राम थाना क्षेत्र के ग्राम चचासंडा निवासी शैलेंद्र सविता का पुत्र कपिल सविता (13) अपने साथियों के साथ सद्दूपुर घाट पर गंगा स्नान करने गया था। नहाते समय वह गंगा के गहरे पानी में डूबने लगा। यह देख साथ में स्नान करने गए अन्य बच्चों ने सोर मचाना शुरू कर दिया। शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मामले की जानकारी चौकी नौरंगपुर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने गोताखोरों की मदद से नदी में डूबे किशोर की तलाश शुरू कर दी। रात भर किशोर की तलाश गोताखोर गहरे पानी में किशोर की खोज की। पर कोईपता नहीं चला। गोताखोरों ने मंगलवार की सुबह 6.30 बजे किशोर का शव ग्राम रामपुर भुड़िया गांव के सामने गंगा नदी से बरामद कर लिया। शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बताया कि किशोर गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो का छात्र था। वह दो भाई था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
