राष्ट्रपति पहली बार वर्चुअल माध्यम से देंगे खेल रत्न और अर्जुन अवार्ड
नई दिल्ली। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद देश का सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार और आजीवन ध्यानचंद पुरस्कार 29 अगस्त को खेल दिवस के दिन राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के इतिहास में पहली बार राष्ट्रपति भवन से वर्चुअल समारोह के जरिये प्रदान करेंगे। राष्ट्रपति इस साल पांच खिलाड़ियों को खेल रत्न, …
नई दिल्ली। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद देश का सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार और आजीवन ध्यानचंद पुरस्कार 29 अगस्त को खेल दिवस के दिन राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के इतिहास में पहली बार राष्ट्रपति भवन से वर्चुअल समारोह के जरिये प्रदान करेंगे।
राष्ट्रपति इस साल पांच खिलाड़ियों को खेल रत्न, 27 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार, 13 कोचों को द्रोणाचार्य पुरस्कार और 15 खिलाड़ियों को आजीवन उपलब्धि के लिए ध्यानचंद पुरस्कार वर्चुअल माध्यम से प्रदान करेंगे। इसके अलावा आठ लोगों को तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहस पुरस्कार, पांच संस्थानों को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार और पंजाब यूनीवर्सिटी चंडीगढ़ को मौलाना अबुल कलाम आजाद (माका) ट्रॉफी प्रदान की जायेगी।
भारत के सीमित ओवरों के कप्तान रोहित शर्मा, स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट, टेबल टेनिस स्टार मणिका बत्रा, महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल और रियो पैरालम्पिक के स्वर्ण पदक विजेता एथलीट मरियप्पन थंगावेलु को खेल रत्न से नवाजा जाएगा। खेल रत्न के इतिहास में यह पहला मौका है जब पांच खिलाड़ियों को खेल रत्न प्रदान किया जाएगा।
इससे पहले 2016 के रियो ओलम्पिक के बाद चार खिलाड़ियों रजत पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू, कांस्य विजेता महिला पहलवान साक्षी मलिक, चौथे स्थान पर रही जिम्नास्ट दीपा कर्माकर और निशानेबाज जीतू राय को खेल रत्न सम्मान दिया गया था। रोहित ने पिछले साल इंग्लैंड में हुए एकदिवसीय विश्व कप में पांच शतक बनाने का विश्व रिकॉर्ड बनाया था। वह सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली के बाद यह सम्मान पाने वाले चौथे क्रिकेटर बनेंगे।
विनेश ने 2018 में हुए राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीते थे। विनेश ने पिछले साल विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर टोक्यो ओलम्पिक के लिए देश को कोटा दिलाया था। मणिका बत्रा ने 2018 के राष्ट्रमंडल खेलों में महिला व्यक्तिगत और टीम स्वर्ण सहित कुल चार पदक जीते थे। उन्होंने 2018 में जकार्ता एशियाई खेलों में मिश्रित युगल में कांस्य पदक जीता था। रानी की कप्तानी में भारत ने अमेरिका को हराकर टोक्यो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई किया है। पैरा हाई जम्पर थंगावेलु ने 2016 के रियो पैरालम्पिक में स्वर्ण पदक जीता था।
इस बार 27 खिलाड़ियों कोअर्जुन अवार्ड से नवाजा जाएगा। अनुभवी टेस्ट क्रिकेटर इशांत शर्मा, युवा निशानेबाज मनु भाकर और सौरभ चौधरी, तीरंदाज अतानु दास, बैडमिंटन जोड़ी चिराग शेट्टी और सात्विकसैराज रेंकीरेड्डी, टेनिस खिलाड़ी दिविज शरण, फर्राटा एथलीट दुतीचंद, युवा गोल्फर अदिति अशोक , पहलवान राहुल अवारे और हॉकी खिलाड़ी आकाशदीप सिंह अर्जुन बनेंगे।
अनुभवी कोच जसपाल राणा सहित 13 कोचों को द्रोणाचार्य पुरस्कार से और 15 खिलाड़ियों को आजीवन उपलब्धि के ध्यानचंद सम्मान प्रदान किया जाएगा। कर्नल सरफराज सिंह, अनिता देवी, सत्येंद्र सिंह और गजानंद यादव सहित आठ लोगों को अतुलनीय साहस के लिए राष्ट्रीय साहस पुरस्कार दिया जाएगा। देश में खेल को बढ़ावा देने के लिए पांच संस्थानों को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार दिया जाएगा। पंजाब यूनीवर्सिटी चंडीगढ़ को मौलाना अबुल कलाम आजाद (माका) ट्रॉफी प्रदान की जायेगी। पुरस्कार विजेताओं की सूची इस प्रकार है:
राजीव गांधी खेल रत्न: रोहित शर्मा, विनेश फोगाट, मणिका बत्रा, रानी रामपाल और मरियप्पन थंगावेलु अर्जुन पुरस्कार: इशांत शर्मा (क्रिकेट), मनु भाकर (निशानेबाजी), सौरभ चौधरी (निशानेबाजी), दुती चंद (एथलेटिक्स), दीपिका ठाकुर (हाॅकी), अतानु दास (तीरंदाजी), दीपक हुड्डा (कबड्डी), दिविज शरण (टेनिस), चिराग शेट्टी (बैडमिंटन), सात्विकसैराज रेंकीरेड्डी (बैडमिंटन), दत्तु भोकानल (रोइंग), लवलीना बोर्गोहेन (मुक्केबाजी), आकाशदीप सिंह (हॉकी), दीप्ति शर्मा (क्रिकेट), मनीष कौशिक (मुक्केबाजी ), राहुल अवारे (कुश्ती), दिव्या काकरान (कुश्ती), मधुलिका पाटकर (टेबल टेनिस), विशेष भृगुवंशी (बास्केटबॉल), सावंत अजय अनंत (घुड़सवारी), सन्देश झिंगन (फुटबॉल), अदिति अशोक (गोल्फ), काले सारिका सुधाकर (खो-खो), शिवा केशवन (शीतकालीन खेल), सुयेश नारायण जाधव (पैरा तैराकी), संदीप (पैरा एथलेटिक्स), मनीष नरवाल (पैरा निशानेबाजी)
द्रोणाचार्य पुरस्कार: लाइफटाइम वर्ग: धर्मेंद्र तिवारी (तीरंदाजी), पुरुषोत्तम राय (एथलेटिक्स), शिव सिंह (मुक्केबाजी), रोमेश पठानिया (हॉकी), के के हुड्डा (कबड्डी), विजय मुनीश्वर (पैरा पावरलिफ्टिंग), नरेश कुमार (टेनिस), ओ पी दाहिया (कुश्ती)। नियमित वर्ग: योगेश मालवीय (मल्लखंब), गौरव खन्ना (पैरा बैडमिंटन), जसपाल राणा (निशानेबाजी), कुलदीप हांडू (वुशु) और जूड फेलिक्स (हॉकी)
ध्यानचंद पुरस्कार: जिंसी फिलिप्स (एथलेटिक्स), कुलदीप सिंह भुल्लर (एथलेटिक्स), तृप्ति मुरगुंडे (बैडमिंटन), प्रदीप गन्धे (बैडमिंटन), एन उषा (बॉक्सिंग), लाखा सिंह (मुक्केबाजी), सुखविंदर सिंह संधू (फुटबॉल), अजीत सिंह (हॉकी), मनप्रीत सिंह (कबड्डी), मनजीत सिंह (रोइंग), स्वर्गीय सचिन नाग (तैराकी), नंदन बल (टेनिस), नेत्र पाल हुड्डा (कुश्ती) और जे रंजीत कुमार (पैरा एथलेटिक्स), सत्य प्रकाश तिवारी (पैरा बैडमिंटन) तेनजिंग नोर्गे
साहस पुरस्कार: कर्नल सरफराज सिंह, अनिता देवी, गजानंद यादव, ताका तामुत, नरेंद्र सिंह, केवल हिरेन कक्का, सत्येंद्र सिंह और स्वर्गीय मगन बिस्सा राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार: लक्ष्य इंस्टीट्यूट, आर्मी स्पोटर्स इंस्टीट्यूट,तेल और प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी), वायु सेना स्पोटर्स कंट्रोल बोर्ड और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रबंधन संस्थान (आईआईएसएम) मौलाना अबुल कलाम आजाद (माका) ट्रॉफी: पंजाब यूनीवर्सिटी चंडीगढ़।
