काशीपुर: डॉक्टर ने कैंसर पीड़ित पत्नी के साथ की आत्महत्या, सुसाइड नोट छोड़ गए पति-पत्नी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। मामला उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर का है। जहां एक डॉक्टर ने अपनी पत्नी के साथ नशीले इन्जेक्शन लगाकर आत्महत्या कर ली। कमरे से बरामद सुसाइड नोट में लिखा था कि वे अपनी पत्नी के साथ आत्महत्या करने जा रहे हैं और इसके वो खुद जिम्मेदार हैं। मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी हुई है। 

डॉक्टर का नाम इंद्रेश शर्मा (50) और पत्नी का नाम वर्षा शर्मा (45) बताया जा रहा है। डोएन का एक बेटा भी है जिसका नाम ईशान शर्मा (12) है। मूलरूप से ये देहरादून के रहने वाले हैं और अभी काशीपुर के सैनिक कालोनी में रहते थे। डॉक्टर बीएएमएस डिग्री होल्डर थे और फिलहाल कृष्णा अस्पताल में बतौर ईएमओ नियुक्त थे। पुलिस के अनुसार बीते 10 साल से वर्षा शर्मा कैंसर से पीड़ित थीं। वर्षा के इलाज में काफी पैसा खर्च हो रहा था, जिसके चलते डॉक्टर इंद्रेश की आर्थिक स्थिति खराब हो गई थी।

आलम यह हो गया था कि कोरोनाकाल के बाद डॉक्टर अपने बेटे को कहीं एडमिशन भी नहीं दिला पाए थे। बताया जा रहा है कि डॉक्टर इंद्रेश ने मंगलवार रात खाना खाने के बाद परिवार के साथ लूडो खेला। इसके बाद सुसाइड नोट लिखा और पत्नी व स्वयं को जहरीला इंजेक्शन लगा दिया। बुधवार सुबह जब माता-पिता बहुत देर तक नहीं उठे तो बेटा ईशान उन्हें उठाने कमरे में गया।

काफी प्रयासों के बाद भी जब माता-पिता में कोई हलचल नहीं दिखी तो बेटे ने 112 पर कॉल कर घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची डॉक्टरों की टीम ने आशंका जताई कि डॉक्टर ने आत्महत्या के लिए एनेस्थीसिया में प्रयोग होने वाले इंजेक्शन का इस्तेमाल किया। जिसके चलते उनकी मौत हो गई। एसपी अभय सिंह, सीओ वंदना वर्मा, इंस्पेक्टर आईटीआई आशुतोष सिंह ने मौका मुआयना किया।

एसपी अभय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। मौके से सीरेंज व अन्य सामान बरामद हुआ है। डॉक्टर की पत्नी 10-12 साल से कैंसर से पीड़ित थीं। जिसके चलते परिवार की आर्थिक स्थिति खराब हो गई थी। दंपत्ति के हाथ व पैर पर सीरेंज के निशान मिले हैं। एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें लिखा है कि मैं और मेरी पत्नी स्वेच्छा से आत्महत्या कर रहे हैं। इसके लिए कोई अन्य जिम्मेदार नहीं होगा। एसपी ने कहा कि दो  डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

 

संबंधित समाचार