मुरादाबाद : जिले में हजारों लोगों ने नदियों में लगाई आस्था और श्रद्धा की डुबकी
मुरादाबाद, अमृत विचार। ज्येष्ठ शुक्ल दशमी के दिन मंगलवार, हस्त नक्षत्र युता तिथि सब पापों के हरने वाली होती है। वराह पुराण में लिखा है कि ज्येष्ठ शुक्ला दशमी बुधवारी में हस्त नक्षत्र में श्रेष्ठ नदी स्वर्ग से अवतीर्ण हुई थी। वह 10 पापों को नष्ट करती है। इस कारण इस तिथि को दशहरा कहते हैं। मंडल में गंगा, रामगंगा, कोसी, गागन सहित कई नदियों का प्रवाह है। हरिद्वार के बाद यूपी में पहला मुख्य स्नान का केंद्र गढ़मुक्तेश्वर श्रद्धालुओं से पटा रहा। मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा और संभल क्षेत्र की नदियों में लोगों ने स्नान किया। प्रस्तुत है नदी तट पर आस्था और श्रद्धा की लहरों का आंखों देखा हाल-
मुरादाबाद। गंगा दशहरा पर मां का सच्चा मंदिर खुशहालपुर की ओर से दूध की लस्सी का वितरण किया गया। धरती पर गंगा अवतरण के उपलक्ष्य में दान पुण्य किया गया। महंत गौरव रतन नाथ द्वारा गंगा हवन-पूजन किया गया, इसके बाद दिल्ली रोड स्थित पेट्रोल पंप के निकट दूध की लस्सी का वितरण किया गया। इस दौरान सौरभ, दुर्गा, रितिक, सागर, सर्वेश, अशोक कुमार, अमन, विशाल, राजू माली, रोहित, राजेश, अंसारी, लल्ला बाबू, हर्ष, राजीव, चंद्रपाल ने अपनी सेवा दी।
भगवान परशुराम सेवा समिति ने किया शरबत वितरण
मुरादाबाद। हर साल की तरह इस बार भी भगवान परशुराम सेवा समिति की ओर से ज्येष्ठ दशहरा पर इम्पीरियल तिराहा पर मनोकामना मंदिर के पास शरबत वितरण किया गया। गर्मी में लोगों को शरबत पिलाकर धर्मलाभ कमाया। इसका आयोजन अध्यक्ष पंडित अनिमेष कुमार शर्मा के निर्देशन में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर के पुजारी पंडित ओमराज सोती ने भगवान शंकर के पूजन कर भगवान को शरबत का भोग लगाकर की गई। इस दौरान अवधेश पाठक, अजय मोहन शर्मा, डॉ. प्रदीप शर्मा, धवल दीक्षित, अमित शर्मा, राजू, प्रणवीक शर्मा, हिमांशु वशिष्ठ, देवेश वशिष्ठ, राम आदि मौजूद रहे।
प्राचीन शिव मंदिर पर शरबत वितरण आज
मुरादाबाद। श्री परिवार दिव्य महायज्ञ समिति ट्रस्ट की ओर से निर्जला एकादशी पर बुधवार दोपहर दो बजे से बाजार गंज प्राचीन शिव मंदिर पर शरबत वितरण किया जाएगा। यह जानकारी ट्रस्ट के महामंत्री राजीव अग्रवाल मल्लू ने दी है।
खूब हुए मुंडन और कथाएं
मुरादाबाद। गंगा दशहरे पर लाल बाग रामगंगा तट और अटल घाट पर इस बार पहले से अधिक लोगों ने बच्चों के मुंडन कराए। सुबह से शुरू हुआ, इनका सिलसिला दोपहर तक चलता रहा। नागफनी निवासी पंडित नत्थूलाल ने बताया इस बार लोगों ने भगवान सत्यनारायण की कथाएं भी खूब कराईं। वहीं, सुबह से ही लोगों ने उड़द की दाल की खिचड़ी, तरबूज, खरबूजे का दान किया।
लड्डू गोपाल को कराया स्नान
बबराला। राजघाट पर मथुरा निवासी रेखा और दौसा (राजस्थान) की बालिका निराली अपने परिवार के साथ गंगा स्नान को आई। यह दोनों लड्डू गोपाल को भी साथ लेकर आईं थीं। इन्होंने लड्डू गोपाल को गंगा में स्नान कराने के बाद सैर भी कराई।
मुरादाबाद। मंगलवार को गंगा दशहरा का पर्व धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने सुबह से ही स्नान-दान किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा में स्नान करने बृजघाट गए। जो लोग वहां नहीं जा सके उन्होंने घर पर ही पानी में गंगाजल डाल कर स्नान किया। कुछ लोगों ने स्थानीय नदियों की ओर रुख किया। लेकिन घाटों की गंदगी, नदियों में जल का अभाव और उसमें भी गंदगी देख लोगों को काफी परेशानी हुई। रामगंगा में जल के अभाव से लोगों में रोष रहा। लाल बाग और कटघर अटल घाट पर लोगों ने बच्चों का मुंडन और सत्यनारायण भगवान की कथा कराईं। राम गंगा में प्रसाद चढ़ाकर आस्था और मनोभाव का समर्पण किया।
गंगा दशहरे पर तड़के से ही लोगों ने गंग स्नान के लिए निजी वाहनों और बसों से बृजघाट जाना शुरू किया। शहर के सीएल गुप्ता आई इंस्टीट्यूट के पीछे रामगंगा तट पर तड़के कुछ श्रद्धालु पहुंचे। लेकिन घाट की गंदगी के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी हुई। लाल बाग स्थित रामगंगा घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। यहां भी घाट पर गंदगी और नदी में भी तैरती पूजा की सामग्री गंदगी देख लोग आगे बढ़ने का साहस ही नहीं कर सके। यहां जल कम था। कुछ लोगों ने रामगंगा में संगम करती ठेला नदी में जाकर डुबकी लगाकर आस्था पूर्ण की। यही स्थिति कटघर के अटल घाट की रही। यहां भी लोग आचमन भर कर स्नान की औपचारिकता पूरी करते देखे गए। हालांकि, इन दोनों घाटों पर देहात क्षेत्र से आए कुछ लोगों के साथ बच्चों ने गंदगी की परवाह किए बगैर गोते लगाए और गंगा दशहरे का पर्व मनाया।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: कोर्ट परिसर में भूमाफिया का पुत्र अधिवक्ता से उलझा, तहरीर
