संभल: वाहन छुड़ाने का झांसा देकर वसूले 80 हजार, दो मीडिया कर्मियों पर FIR

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खनन अधिकारी ने सीज की थी किसान की मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली, किसान से मांगे 1.30 लाख रुपये, एक लाख रुपये में बनी सहमति

संभल, अमृत विचार। खनन अधिकारी द्वारा सीज किए गए दो वाहनों को छुड़ाने का झांसा देकर किसान से 80 हजार रुपये वसूले गए। किसान ने रकम वापस मांगी तो उससे गाली गलौज करते हुए झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इस मामले में पीड़ित की तहरीर पर हयातनगर थाना में दो मीडिया कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

गांव मिलक धुरैटा निवासी किसान वीरेश की मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक ट्रैक्टर संग लोडर गांव मऊभूड़ में खनन अधिकारी सोमेंद्र तिवारी ने सीज किया था। दोनों वाहन हयातनगर थाने में खड़े कराए थे। इस बीच दो मीडिया कर्मियों ने किसान से संपर्क किया। कहा कि वाहनों को छुड़वाने के साथ ही जेल जाने से बचा लेंगे।

वीरेश का आरोप है कि दोनों ने 1.30 लाख रुपये की मांग की। किसान ने एक लाख रुपये देने की बात पर सहमति जताई। तब आरोपियों ने किसान से 80 हजार रुपये ले लिए। काम नहीं होने पर किसान ने रकम वापस मांगी तो एक ने खुद को मीडियाकर्मी बताते हुए उससे गाली गलौज की और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।

इस मामले में किसान ने हयातनगर थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी करम सिंह पाल ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में मेराजुल निवासी गांव भंडी भंडा थाना नखासा और कपिल निवासी गांव बैटला थाना हजरतनगर गढ़ी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

ये भी पढ़ें : संभल: छेड़खानी के दोषी को पांच वर्ष का कठोर कारावास, आठ हजार जुर्माना

संबंधित समाचार