गौतम बुद्ध नगर: ट्रक चालक और गोदाम कर्मचारियों ने पार किए लाखों रुपए के मोबाइल फोन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नोएडा। नोएडा के सूरजपुर थानाक्षेत्र में एक अंतरराष्ट्रीय कोरियर कंपनी के गोदाम से लखनऊ और हरियाणा के लिए भेजे गए सैमसंग कंपनी के मोबाइल फोन ट्रक चालक अनिल कुमार और गोदाम के अज्ञात कर्मचारियों द्वारा कथित रूप से गायब कर दिये गये। उनकी कीमत 32 लाख 26 हजार है। 

थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि शैडोफैक्स कोरियर कंपनी के मैनेजर जितेंद्र सिंह तेवतिया ने बीती रात रिपोर्ट दर्ज कराई है कि मलक गांव के समीप स्थित उनकी कंपनी के गोदाम से 24 मई को सुबह करीब तीन बजे एक गाड़ी में 42 पीवीसी कंटेनर लदवा करा कर उसे हरियाणा के बिलासपुर गोदाम भेजा गया। 

शिकायकर्ता के अनुसार इन कंटेनर में 163 कार्टन बॉक्स थे, जिनमें से 14 कार्टन बॉक्स लखनऊ के लिए तथा 27 कार्टन बॉक्स जयपुर के लिए थे। यह सामान बिलासपुर के गोदाम से दूसरी गाड़ी के माध्यम से भेजा गया। तेवतिया का आरोप है कि जब सामान गंतव्यों पर पहुंचा तब पता चला कि लखनऊ में दो कार्टन बॉक्स तथा जयपुर में 12 कार्टन बॉक्स कम पाए गए। 

उन्होंने आरोप लगाया है कि ट्रक चालक अनिल और गोदाम के कर्मचारियों ने हेराफेरी कर इन कार्टन बॉक्स में रखे गए सैमसंग कंपनी के 280 कीमती मोबाइल फोन गायब कर दिये। इन मोबाइल फोनों की कीमत 32,26,808 रुपए है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।  

यह भी पढ़ें:-लखनऊ: एसटीएफ ने धोखाधड़ी के आरोप में दो व्यक्तियों को किया गिरफ्तार

संबंधित समाचार