रेड जोन में मुरादाबाद मंडल की छह लोकसभा सीटें, कमल खिलाने की चुनौती...पार्टी झोंक रही ताकत

महासंपर्क अभियान के दौरान लोगों को बताई जाएंगी केंद्र सरकार की नौ साल की उपलब्धियां

रेड जोन में मुरादाबाद मंडल की छह लोकसभा सीटें, कमल खिलाने की चुनौती...पार्टी झोंक रही ताकत

मुरादाबाद, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव 2014 और 2019 के परिणाम के आधार पर भारतीय जनता पार्टी ने मुरादाबाद, रामपुर, सम्भल, अमरोहा, बिजनौर, नगीना के अलावा अंबेडकर नगर, जौनपुर, लालगंज, सहारनपुर, श्रावस्ती, आजमगढ़, मैनपुरी, रायबरेली, गाजीपुर, घोसी को रेड जोन में रखा है। पार्टी का लक्ष्य अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटें जीतने का है। रेड जोन में मानी गई सीटों पर जीत के लिए पार्टी ने खासा जोर लगाने की रणनीति बनाई है। इसमें मुरादाबाद मंडल की छह सीटें शामिल हैं।

पिछले दो लोकसभा चुनाव में मोदी प्रभाव के बाद भी इन सीटों पर जीत के लिए मशक्कत करने के कारणों को तलाश कर वहां जीत के लिए फार्मूला निकाला गया है। पार्टी आंतरिक सर्वे कराकर सीटों पर जीतने का गणित बैठा रही है। सर्वे में चाय की दुकान, सरकारी एवं निजी दफ्तरों, पार्क, प्रबुद्ध लोगों, महिलाओं और युवाओं के बीच जाकर उनसे निर्धारित बिंदुओं के अनुसार बातचीत कर उन बातों को दूर करने की कोशिश होगी, जो जनता के लिहाज से जरूरी है।

इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर पार्टी के नेता लोकसभा क्षेत्रों में पहुंचकर केंद्र सरकार की नीतियों का गुणगान कर जनता और कार्यकर्ताओं को उत्साहित कर रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को दिल्ली रोड स्थित एक होटल में भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व राजस्थान की आमेर विधानसभा क्षेत्र से विधायक सतीश पूनिया केंद्र की नीतियां बताएंगे।

भारतीय जनता पार्टी पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय सह मीडिया प्रभारी निमित जायसवाल का कहना है कि मुरादाबाद के अलावा रामपुर लोकसभा में दो जून को पूर्व प्रदेश महामंत्री व एमएलसी अश्वनी त्यागी, अमरोहा लोकसभा क्षेत्र में दो को सतीश पूनिया, बिजनौर लोकसभा क्षेत्र में 5 जून को और नगीना लोकसभा क्षेत्र में 6 जून को केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव केंद्र सरकार की नीतियों को आगे रखेंगे।

 बात करें मुरादाबाद लोकसभा सीट की तो यहां से वर्तमान में समाजवादी पार्टी के डॉ. एसटी हसन सांसद हैं। जबकि छह विधानसभा सीटों में से पांच पर समाजवादी पार्टी के विधायक हैं। ऐसे में अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा का सांसद जिताना किसी चुनौती से कम नहीं है।


नगीना लोकसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी मिली है। महासंपर्क अभियान में 30 जून तक हर घर में पहुंच जाएंगे। मतदाताओं के बीच बैठकर उनकी समस्याओं को जानकर उसका समाधान कराएंगे। बिजनौर में रेलवे स्टेशन का विस्तारीकरण और सौंदर्यीकरण आदि कार्य भाजपा सरकार ने कराए हैं। किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना सहित अन्य महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ जनता को मिला है। पूरा भरोसा है कि नगीना सहित सभी 80 सीटें भाजपा जीतेगी।-गोपाल अंजान, विधान परिषद सदस्य, प्रभारी नगीना लोकसभा क्षेत्र

बूथों की मजबूती के साथ ही एक महीने तक महासंपर्क अभियान में प्रदेश अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई बैठक में हारी हुई 14 सीटों सहित पूरे प्रदेश की 80 सीटें जीतने की रणनीति बनी है। इसी आधार पर कार्य कर रहे हैं। मुरादाबाद में भी जनता के बीच महासंपर्क अभियान में कार्यक्रमों के माध्यम से पहुंचेंगे। जनता केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों से प्रभावित है। जीत भाजपा की होगी, विपक्ष कहीं नहीं है।-अशोक पाल, प्रभारी लोकसभा क्षेत्र मुरादाबाद

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : 'लव जिहाद की ऐसी सजा हो सात पुश्तों की रूह कांप उठे', राष्ट्रीय बजरंगदल ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन

 

Post Comment

Comment List

Advertisement