बंगाल सरकार के 'भ्रष्टाचार' के खिलाफ जारी रहेगी लड़ाई: शुभेंदु
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार के 'भ्रष्टाचार' और तृणमूल कांग्रेस की 'तुष्टिकरण' की राजनीति के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी।अधिकारी ने ट्विटर पर कहा, “ ममता पुलिस कितनी बचकानी है? यह लुकाछिपी क्यों?
आपने और आपके राजनीतिक साथियों ने मुझे जेल में डालने की कोशिश की, लेकिन बुरी तरह विफल रहे। आप लगातार मेरे राजनीतिक कार्यक्रमों को आयोजित करने की अनुमति देने से इनकार करते हैं, लेकिन सभी माननीय न्यायालयों का धन्यवाद, इन सभी न्यायालयों के आदेशों की मदद से अंततः कार्यक्रम आयोजित किए गये और वह सभी बेहद सफल भी रहे।”
उन्होंने सवाल किया “तो अब आप मेरी रफ्तार को धीमा करने की कोशिश कर रहे हैं और मेरे गुजरने वाली सड़कों को बाधित कर यहां तक कि मुझे राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं? बहुत ठीक है। मुझे स्पीड कैम या डिटेक्शन डिवाइस के साथ कोई समस्या नहीं है। लेकिन आप इसे क्यों छुपाते रहते हैं और मेरे काफिले के गुजर जाने के बाद इसे हटा क्यों देते हो ?”
अधिकारी ने कहा “ यातायात उल्लंघन के लिए मेरे काफिले को फंसाने के लिए ही इसे छिपाया गया था, क्योंकि मेरा काफिला सामान्य गति सीमा का पालन कर रहा है? इसलिए आप डिटेक्शन डिवाइस को छिपा रहे हैं, ताकि आप माननीय न्यायालयों को बता सकें कि मैंने किस तरह से यातायात नियमों का उल्लंघन किया है और अधिसूचना के साथ अपने दावों की पुष्टि कर रहे हैं?”
उन्हाेंने कहा “ आपने मेरे यात्रा मार्ग पर पूरे पश्चिम बंगाल में सादे कपड़ों में नागरिक स्वयंसेवकों को क्यों तैनात किया है? मेरी आवाजाही पर नज़र रखने के लिए? वे मेरे काफिले की गतिविधि को अपने मोबाइल फोन पर क्यों रिकॉर्ड कर रहे हैं? एक नागरिक स्वयंसेवक का दुरुपयोग करके आप माननीय कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश की अवहेलना कर रहे हैं।”
नंदीग्राम के भाजपा विधायक ने कहा, “ आपकी जानकारी के लिए, मैं कानून का पालन करने वाला नागरिक हूं। आप नियमों में बदलाव कर रहे हैं, उम्मीद है कि मैं अंततः उल्लंघन करूंगा। क्या यह नैतिक है? आप जो भी करना चाहते हैं, करें, मेरा संकल्प और मजबूत होगा। इस राज्य सरकार के भ्रष्टाचार और क्षेत्रीय तोलमोल पार्टी की तुष्टिकरण की राजनीति के खिलाफ मेरी लड़ाई जारी रहेगी।”
यह भी पढ़ें- पहलवानों का मुद्दा केंद्र के सामने उठाए हरियाणा सरकार: कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा
