मुरादाबाद : प्रमुख चिकित्साधिकारियों के पद पर नहीं है स्थायी तैनाती
एडी हेल्थ, सीएमओ, जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक, जिला महिला अस्पताल की सीएमएस की जिम्मेदारी कार्यवाहक के पास
सेवानिवृत्त चिकित्साधिकारी के बदले नहीं की गई किसी की तैनाती, वरिष्ठों को कार्यभार सौंपकर रिटायर हुए चिकित्साधिकारी
मुरादाबाद, अमृत विचार। मंडल व जिले के प्रमुख चिकित्साधिकारियों के पद कार्यवाहक के हवाले हैं। एडी हेल्थ, सीएमओ, जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक, जिला महिला अस्पताल की सीएमएस की जिम्मेदारी पर स्थायी चिकित्साधिकारी की तैनाती न होने से सेवानिवृत्त हुए चिकित्साधिकारियों ने अपने बाद के वरिष्ठ चिकित्साधिकारी को पद का कार्यभार सौंप दिया। लेकिन स्थायी तैनाती न होने से कार्य प्रभावित हो रहा है।
31 मई को मंडलीय अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य डॉ. माला शर्मा सेवानिवृत्त हुईं। उन्होंने अपने पद का प्रभार संयुक्त निदेशक डॉ. रेखा रानी को सौंपा। वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एमसी गर्ग ने रिटायर्ड होने पर किसी की शासन से तैनाती न होने पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विश्राम सिंह को कुर्सी की जिम्मेदारी सौंपी। इसके पहले 30 अप्रैल को जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. हीरा सिंह और महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. सुनीता पांडेय सेवानिवृत्त हुईं थीं। इन्होंने भी अपने चिकित्सा संस्थान के वरिष्ठ चिकित्सक को कार्यभार सौंपा। ऐसे में मंडल मुख्यालय के चिकित्साधिकारियों के पद रिक्त होने से इसकी जिम्मेदारी कार्यवाहक निभा रहे हैं।
जिला अस्पताल में ब्लड बैंक के वरिष्ठ पैथोलॉजिस्ट व प्रभारी डॉ. राजेंद्र सिंह सैनी इसकी प्रमुख अधीक्षक की जिम्मेदारी का निर्वाह कार्यवाहक के रूप में कर रहे हैं। वह डॉ. हीरा सिंह के सेवानिवृत्त होने पर प्रभारी बने। हालांकि इसके पहले भी वह डॉ. एके गुप्ता के पदोन्नति के बाद भी कुछ दिन के लिए प्रभारी बने थे। लेकिन मेरठ से डॉ. हीरा सिंह को प्रमुख अधीक्षक बनाकर शासन ने तैनात किया। डॉ. सैनी फिर अपने पुराने पद पर कायम रहे। 30 अप्रैल को एक बार फिर उन्हें कार्यवाहक की जिम्मेदारी मिली। जिसे वह निभा रहे हैं। हालांकि प्रशासनिक जिम्मेदारी देखने के चलते ब्लड बैंक का कार्य प्रभावित हो रहा है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : साइबर ठगों का शिकार हुई महिला, एटीएम नंबर व एमपिन पूछकर खाते से निकाले 3.54 लाख रुपये
