सुलतानपुर: पत्नी के हाथों की नहीं थी छूटी मेंहदी, सड़क हादसे में पति की मौत
जयसिंहपुर, सुलतानपुर/अमृत विचार। हाइवे पर चल रहे दो बाइकों की आमने सामने की भिड़ंत हो गई, जिसमें एक बाइक सवार हाइवे पर गिर गया। पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने सड़क पर गिरे हुए युवक को कुचलते हुए फरार हो गई। वहीं, दूसरा बाइक सवार मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को सीएचसी भेजा, जहां मौजूद चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र से होकर गुजरी टांडा बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीखूपुर गांव के समीप गुरुवार की शाम दो बाइक सवारो की आमने सामने की भिड़ंत हो गई। जिसमे एक बाइक सवार सड़क पर गिर गया तभी पीछे से आ रही तेज अज्ञात वाहन युवक को कुचलते हुए निकल गई। युवक को चोटिल देख दूसरा बाइक सवार मौके से भाग निकला।
टक्कर की आवाज पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित करते हुए एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को सीएचसी जयसिंहपुर भेजा, जहां मौजूद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक की पहचान शिव दर्शन (24) पुत्र दरगाही निवासी इटकौली थाना गोसाईगंज के रूप में हुई। वहीं स्थानीय पुलिस युवक का पंचनामा कर पोस्टमार्टम भेजने की कार्यवाही कर रही है।
पिता के पहले ही हो चुकी थी मौत
मृतक युवक शिव दर्शन के पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। तीन भाइयों में मृतक सबसे छोटा था। मृतक युवक की अभी बीते 21 मई को शादी हुई थी। पत्नी के हाथों की मेहंदी अभी छूटी नहीं थी कि पति की मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
यह भी पढ़ें:-नृत्यगोपाल दास के जन्मोत्सव पर बोले दिनेश शर्मा- अर्थ प्रबंधन का सबसे बड़ा केंद्र बनेगा अयोध्या
