मुरादाबाद : 'केंद्र सरकार के नौ साल का कार्य बेमिसाल, यह सेवा...सुशासन और गरीब कल्याण के नाम'

महासंपर्क अभियान के अन्तर्गत भाजपा राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष की प्रेसवार्ता

मुरादाबाद : 'केंद्र सरकार के नौ साल का कार्य बेमिसाल, यह सेवा...सुशासन और गरीब कल्याण के नाम'

रामगंगा विहार स्थित एक होटल में पत्रकारों से बातचीत करते भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व विधायक सतीश पूनिया, साथ में नगर विधायक रितेश गुप्ता, विधान परिषद सदस्य डा. जयपाल सिंह व्यस्त, सतपाल सिंह सैनी, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष आदि।

मुरादाबाद, अमृत विचार:  राजस्थान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व राजस्थान के आमेर से विधायक सतीश पूनिया ने कहा कि आज विदेशों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार के द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यों की चर्चा हो रही है।

कोविड महामारी से निपटने के लिए न सिर्फ स्वयं के नागरिकों को सुरक्षित किया बल्कि दो देशी वैक्सीन बनाकर बसुधैव कुटुम्बकम की धारणा को चरितार्थ कर विश्व के कई देशों की मदद की। वह केंद्र सरकार के नौ साल के कार्यकाल पूरा होने और आगामी लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत के लिए चल रहे महासंपर्क अभियान के अन्तर्गत शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व राजस्थान के आमेर विधानसभा से विधायक सतीश पूनिया ने  रामगंगा विहार के एक रेस्टोरेंट में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। 

उन्होंने कहा कि आज भारतीय सेना हथियारों के मामले में आत्मनिर्भर है और विश्व की बड़ी ताकत बनकर उभरी है। उन्होंने कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल पर तंज कसा। कहा कि न तो लोगों को इन सरकारों ने छत, शौचालय दिया और न गैस कनेक्शन की सुविधा प्रदान की। यह कर दिखाया है केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने। उन्होंने उज्जवला योजना, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, जीरो बैलेंस पर 47 करोड़ बैंक खाते खोलने का उल्लेख कर सरकार के नौ साल की उपलब्धि गिनाई।  उन्होंने कहा कि उन्हें यहां के चार लोकसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी मिली है। महासंपर्क अभियान में यह किया जा रहा है। पार्टी के मोर्चे का हर विधानसभा क्षेत्र में सम्मेलन होगा। 

उन्होंने कहा कि राशन और शासन ने उत्तर प्रदेश की जनता में विश्वास और भरोसा बढ़ाया। लाभार्थियों का भी सम्मेलन होगा।  21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और 23 जून को प्रधानमंत्री दस लाख बूथों के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। संपर्क से समर्थन और महासंपर्क अभियान में सभी निकले हैं। महंगाई के सवाल पर उन्होंने विदेशों से भारत के महंगाई की तुलना कर घुमा फिराकर जवाब दिया। 

पत्रकार वार्ता में नगर विधायक रितेश कुमार गुप्ता, विधान परिषद सदस्य व प्रदेश उपाध्यक्ष सतपाल सैनी, पूर्व सांसद सर्वेश कुमार सिंह, डा. जयपाल सिंह व्यस्त, जिला प्रभारी वाईपी सिंह, जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान, केके मिश्र, महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्र, राजेश रस्तोगी, जिला मीडिया प्रभारी संजय ढाका, महानगर मीडिया प्रभारी राहुल सेठी, क्षेत्रीय सह मीडिया प्रभारी निमित्त जायसवाल, श्याम बिहारी आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें :  रेड जोन में मुरादाबाद मंडल की छह लोकसभा सीटें, कमल खिलाने की चुनौती...पार्टी झोंक रही ताकत