मुरादाबाद: सिपाही के घर का ताला तोड़कर दिनदहाड़े लाखों के आभूषण उड़ाए

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीड़ित के अनुसार नौ लाख के आभूषण समेत 15 हजार की नगदी चोरी, पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की तलाश में जुटी

मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर में चोर बेखौफ नजर आ रहे हैं। आम आदमी तो छोड़िए, पुलिसवालों के घर भी सुरक्षित नहीं हैं। मझोला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े सिपाही के घर का ताला तोड़कर लाखों के आभूषण की चोरी कर लिए। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की तलाश कर रही है।

थाना मझोला के बुद्धविहार सेक्टर 10 निवासी शिव कुमार यूपी पुलिस में सिपाही हैं। वर्तमान में वह मझोला थाने के यूपी डायल 112 पीआरवी वाहन पर तैनात हैं। परिवार में पत्नी आशा सिंह व दो बच्चे हैं। शिवकुमार के घर में पुताई और लकड़ी आदि का काम चल रहा था। शुक्रवार को कारपेंटर छुट्टी पर था। केवल पेंटर आया था जो दोपहर 12 बजे खाना खाने चला गया।

 शिवकुमार घर में ताला लगाकर पत्नी आशा और दोनों बच्चों के साथ कांठ रोड के मधुबनी में डॉक्टर के यहां जांच कराने चले गए। दोपहर करीब 2:20 बजे वहां से लौटे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला। कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। शिवकुमार के मुताबिक चोर लॉकर में रखे पत्नी के चार सोने के कंगन, दो गले के सोने के सेट, कुंडल, चेन, अंगूठी समेत करीब नौ लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और घर में रखी 10-15 हजार रुपये की नकदी चोरी करके ले गए हैं। थाना प्रभारी विप्लव शर्मा ने बताया कि टीम ने मौके का मुआयना किया है। सीसीटीवी की मदद से चोरी की तलाश की जा रही है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

ये भी पढ़ें:- रामपुर : कार नहीं मिली तो की विवाहिता की हत्या, मौके पर पहुंची पुलिस

संबंधित समाचार