हरिद्वार: इस मंदिर में छोटे कपड़े पहनकर आने वाली महिलाओं और युवतियों का प्रवेश हो सकता है वर्जित
हरिद्वार, अमृत विचार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष एवं पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा है कि दक्ष प्रजापति मंदिर में छोटे कपड़े पहनकर आने वाली महिलाओं और युवतियों को दर्शनों से रोका जा सकता है।
उन्होंने कहा है कि भगवान के दर्शन को आने वाली महिलाएं 80 फीसदी शरीर ढके कपड़े पहनकर ही आएं और मर्यादा में रहकर ही मंदिर पहुंचे। जो माताएं, बहनें और कन्याएं मंदिर आती हैं उनके वस्त्रों का पहनावा ठीक होना चाहिए। कई बार मंदिर में छोटे कपड़े पहनकर आने वाली महिलाओं और कन्याओं को देखकर लोग असहज महसूस करते हैं जिससे समाज में अच्छा संदेश नहीं जाता है।
उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले में मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रहेगी। महंत ने कहा कि युवा अवस्था के बच्चे हर तरह की बुराई के तरफ आकर्षित होते हैं। इस पर अंकुश लगना आवश्यक है। बच्चों के परिवार के लोग उनको समझाएं। श्रीमहंत ने कहा कि पहले भी कई बार शरीर ढके कपड़े पहनकर मंदिर आने की अपील कर चुके हैं लेकिन अब कांवड़ मेले को देखते हुए फिर से अपील जारी कर रहे हैं।
