Pilibhit: डीएम साहब! भूमाफियाओं ने कर लिया पट्टे की जमीन पर कब्जा...न्याय दिला दो, जानिए पूरा मामला
पीलीभीत/कलीनगर, अमृत विचार। शासन की मंशा के तहत संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। जनसुनवाई औपचारिकताओं में सिमटकर रह गई है। एक बार फिर फरियादियों को शिकायत करने के बाद समाधान नहीं, बल्कि आश्वासन और एक नई तारीख मिली।
आलम यह रहा कि कलीनगर तहसील में डीएम-एसपी की मौजूदगी के बावजूद महज एक शिकायत ही निस्तारित हो सकी। अन्य शिकायतों का संबंधित विभाग के अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। उधर, भूमाफियाओं द्वारा पट्टे की जमीन पर किए गए अवैध कब्जे की भी शिकायत डीएम से की गई। पट्टेदारों ने प्रदर्शन भी किया।
शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस पर डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार, एसपी अतुल शर्मा कलीनगर तहसील पहुंचे। इसी बीच कलीनगर तहसील क्षेत्र के ग्राम ग्राम राजपुर तालुके महाराजपुर के कुछ ग्रामीणों ने शिकायती पत्र दिया। जिसमें बताया कि राज्य सरकार द्वारा 1989 में सीलिंग की जमीन में पट्टे आवंटित किए थे। वह कुल 15 पट्टेदार है। पट्टेदारों में 11 एस सी/एसटी वर्ग के जबकि चार ओबीसी हैं।
बीते साल 21 जून को प्रशासन द्वारा कब्जा दिलाया गया था।इस पर पट्टेदार काबिज हो गए थे लेकिन कुछ दबंग भू माफियाओं ने पट्टेदारो को मारपीट कर वहां से भगा दिया था। 27 जून को पट्टेदार खेत की जुताई कर सोयाबीन वो रहे थे। उस वक्त अवैध कब्जेदारों ने हमला कर दिया।
पुलिस ने अनसुना कर दिया। उसके बाद बीते साल तेरह जुलाई को ट्रैक्टर लेकर आए आरोपियों ने असलहों के बल पर फसल को उजाड़ दिया। झोपड़ी में आग लगा दी थी। कुछ आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। अभी भी जमीन पर कब्जा करने की फिराक में आरोपी लगे हुए हें।
जमीन पर जुताई बुवाई नहीं करने दे रहे हैं। कुछ ने तो 27 मई 2023 को जबरन जमीन जोत कर बुवाई कर ली। जमीन को कब्जा मुक्त कराने की गुहार लगाई। डीएम ने एसडीएम कलीनगर को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: सिस्टम पर भारी प्रधान.. अब गोशाला में कराया नर्तकियों का डांस, वीडियो वायरल
