अल्मोड़ा: पुलिस चौकी खोलने की मांग को लेकर निकाला जुलूस
अल्मोड़ा, अमृत विचार। जिले के स्याल्दे और चौखुटिया विकास खंड के मध्य स्थित जौरासी क्षेत्र में शांति व सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्थानीय लोगों ने पुलिस चौकी खोलने की मांग की है। ग्रामीणों ने अपनी इस मांग को लेकर क्षेत्र में जुलूस निकाला और शीघ्र कोई कार्रवाई ना होने पर आंदोलन शुरू करने की धमकी भी दी।
जुलूस के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जौरासी क्षेत्र में चौखुटिया और स्याल्दे विकास खंड के दो से अधिक ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों का आवागमन होता है। यहां पर स्थानीय बाजार के अलावा राजकीय इंटर कालेज, प्राथमिक विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र, वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय व उद्यान विभाग के कार्यालय स्थित हैं। क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद हो सके।
इसके लिए यहां के ग्रामीण लंबे समय से यहां पुलिस चौकी खोले जाने की मांग कर रहे हैं। लेकिन बार बार की मांग के बाद शासन द्वारा इस मामले में आज तक कोई कार्रवाई नहीं की है। जिससे स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जौरासी क्षेत्र में शीघ्र पुलिस चौकी नहीं खोली गई तो ग्रामीण सडक़ों पर उतरने से भी गुरेज नहीं करेंगे। जुलूस में नरेंद्र पंत, कैलाश बेलवाल, तारा कांडपाल, हंसा दत्त शर्मा, हरीश कांडपाल, पनुली देवी, चित्रा कांडपाल, कंचन अधिकारी, भावना पटवाल, उमा आदि मौजूद रहे।
रानीखेत सिविल एरिया मुक्त करने को धरना जारी
रानीखेत। छावनी परिषद से मुक्त कर रानीखेत-चिलियानौला नगर पालिका परिषद में शामिल करने की मांग को लेकर रानीखेत विकास संघर्ष समिति का धरना-प्रदर्शन 80 वें दिन भी बदस्तूर जारी रहा। धरना स्थल पर आंदोलनकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत युवा व्यापारी विनय तिवारी, व्यापारी त्रिभुवन वर्मा ‘कन्नू’ की स्व. माता , गुमशुदगी के दौरान मरे स्थानीय गुलाम नबी और ओडिसा के बालासोर में रेल दुर्घटना में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। वहीं धरने में किरन लाल साह, गिरीश भगत, जयंत रौतेला, नेहा मेहरा, उमेश भट्ट, कुलदीप कुमार, गोविंद सिंह बिष्ट, संदीप गोयल आदि शामिल रहे।
