नैनीताल में पुलिस कर्मियों के 38 पद खाली, तल्लीताल-मल्लीताल और कोतवाली में खाली पड़े हैं पद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संतोष बोरा, नैनीताल, अमृत विचार। नैनीताल में पर्यटन सीजन के दौरान भी नगर के कोतवाली व थाने में पुलिसकर्मियों के पद रिक्त हैं। जिसके चलते रोजाना लोगों को कोतवाली व थानों में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। 

 बता दें कि साल भर देश-विदेश से सैलानी नैनीताल पहुंचते हैं। वहीं हाईकोर्ट, कमिश्नरी व अन्य विभागों के कार्यालय भी यहां स्थित हैं। रोजाना हजारों लोग नैनीताल पहुंचते हैं।

जिसके चलते कई बार यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो जाती है। इन व्यवस्थाओं के लिए नगर में पुलिस की बड़ी जिम्मेदारी होती है। जिसके लिए नगर में मल्लीताल कोतवाली व तल्लीताल थाने में कोतवाल व एसओ समेत 74 पुलिस कर्मियों के पद स्वीकृत हैं। लेकिन हाल यह है कि नगर के कोतवाली व थाने में लंबे समय से आधे से ज्यादा पद रिक्त चल रहे हैं।
 

कोतवाली व थाने से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में 74 से 38 पद रिक्त हैं। जिसके चलते फरियादियों समेत तैनात पुलिस कर्मियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पुलिस की कमी के चलते नगर में ठीक से गश्त भी नहीं हो पा रही है, ना ही शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस लगातार पहुंच पा रही है।

जिसके चलते आए दिन नगर के सार्वजनिक स्थानों में मारपीट के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में पर्यटकों को तो दिक्कतों का सामना करना ही पड़ रहा है। साथ ही स्थानीय लोगों को भी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। वहीं हर वीकेंड पर नगर की यातायात व्यवस्था को देखने के लिए अन्य थानों व जिलों से पुलिस बलानी पड़ती है। लेकिन रिक्त पदों पर तैनाती नहीं की जा रही है।


पर्यटन सीजन के दौरान अन्य थानों व पीएसी मंगाकर पुलिस की व्यवस्था की जाती ‌है। अन्य दिनों में व्यवस्थाएं बनाई जाती हैं।
- विभा दीक्षित, सीओ नैनीताल

तल्लीताल थाने में स्वीकृत पद
एसओ-1, एसआई-5,  हेड कांस्टेबल-2,  महिला हेड कांस्टेबल-1,  कांस्टेबल-26 व महिला कांस्टेबल-5

तल्लीताल थाने में नियुक्ति
एसओ-1,  एसआई-2,  हेड कांस्टेबल-1,  कांस्टेबल-10 व महिला कांस्टेबल-3

मल्लीताल कोतवाली में स्वीकृत पद
कोतवाल-1,  एसआई-4,  हेड कांस्टेबल-2,  कांस्टेबल-22 व महिला कांस्टेबल-5

मल्लीताल कोतवाली में नियुक्ति
कोतवाल-1,  एसआई-2,  एलएसआई-1,  एडिश्नल एसआई-1,  हेड कांस्टेबल-1, कांस्टेबल-7 व  महिला कांस्टेबल-3

संबंधित समाचार