BCCI ने किया कन्फर्म, IPL में कोविड-19 के 13 पॉजिटिव मामलों में दो खिलाड़ी शामिल
मुंबई। बीते आठ दिनों में आईपीएल में किए गए कोरोना वायरस टेस्ट के बाद कुल 13 लोग पॉजिटिव आए हैं और इसमें सिर्फ दो खिलाड़ी शामिल हैं। बीसीसीआई ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी। मीडिया रिपोर्टस की मानें तो यह सभी 13 खिलाड़ी चेन्नई सुपर किंग्स के हैं लेकिन बीसीसीआई ने अपने बयान …
मुंबई। बीते आठ दिनों में आईपीएल में किए गए कोरोना वायरस टेस्ट के बाद कुल 13 लोग पॉजिटिव आए हैं और इसमें सिर्फ दो खिलाड़ी शामिल हैं। बीसीसीआई ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी। मीडिया रिपोर्टस की मानें तो यह सभी 13 खिलाड़ी चेन्नई सुपर किंग्स के हैं लेकिन बीसीसीआई ने अपने बयान में किसी फ्रेंचाइजी का नाम नहीं लिया है।
बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा है, “यूएई पहुंचने के बाद सभी लोगों ने अनिवार्य टेस्ट कराए और क्वारंटीन नियमों का पालन किया। कुल 1,988 आरटी पीसीआर कोविड-19 टेस्ट 20 से 28 अगस्त के बीच किए गए। इसमें खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ, टीम प्रबंधन, बीसीसीआई स्टाफ और आईपीएल ऑपरेशनल टीम, होटल तथा ग्राउंड ट्रांसपोर्ट स्टाफ के लोग शामिल थे।”
बयान में कहा गया है, “13 लोगों के टेस्ट पॉजिटिव आए हैं जिसमें से दो खिलाड़ी हैं। जितने भी पॉजिटिव लोग हैं और उनके संपर्क में आने वाले लोग, सभी में किसी भी तरह के लक्षण नहीं हैं और उन्होंने टीम के बाकी खिलाड़ी से अपने आप को आइसोलेट कर लिया है। आईपीएल की मेडिकल टीम इसे मॉनिटर कर रही है।”
बयान में आगे कहा गया है, “आईपीएल-2020 के स्वास्थ और सेफ्टी प्रोटोकॉल्स के मुताबिक सभी हिस्सेदारों की टेस्टिंग आईपीएल-2020 सीजन में लगातार की जाएगी।”
