Chitrakoot News: सपा नेता फराज खान के घर चला बुलडोजर, निखत-अब्बास मुलाकात में मदद का आरोपी है
चित्रकूट में सपा नेता फराज खान के घर पर बुलडोजर चला।
चित्रकूट में सपा नेता फराज खान के घर पर बुलडोजर चला। निखत-अब्बास मुलाकात में फराज खान मदद का आरोपी है।
चित्रकूट, अमृत विचार। आखिरकार समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला महासचिव फराज खान के घर पर बुलडोजर चला दिया गया। सोमवार को प्रशासन और पुलिस के भारी अमले ने आगे का निर्माण ढहवा दिया। प्रशासन हालांकि इस कार्रवाई की वजह अवैध निर्माण बता रहा है।
सोमवार सुबह लगभग नौ बजे एसडीएम राजबहादुर, सीओ हर्ष पांडेय, कोतवाली प्रभारी गुलाब त्रिपाठी दो जेसीबी मशीनों के साथ फराज खान के घर पहुंचे। पालिकाकर्मियों से आगे के कमरों और छत पर रखा सामान हटवाया गया। इसके बाद बुलडोजर बढ़े और आगे का हिस्सा धीरे-धीरे जमींदोज कर दिया गया। घर में फराज के वृद्ध पिता, भाई और पत्नी थीं।
इस संबंध में उप जिलाधिकारी ने बताया कि बिना नक्शे के अनधिकृत रूप से बने घर के हिस्से को ध्वस्तीकरण के आदेश के अनुपालन में ढहाया गया है। कहीं पर चार फीट तो कहीं पर तीन फीट हिस्सा गिराया गया है।
निखत की मदद में गिरफ्तार हुआ था फराज
गौरतलब है कि फराज खान पर निखत बानो को शहर में रहने के लिए कमरा दिलाने का भी आरोप है। 10 फरवरी को निखत अपने पति अब्बास से गैरकानूनी रूप से मिलने पर पकड़ी गई थी। फराज को 20 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था।
अवैध निर्माण पर मिली थी नोटिस
24 मार्च को चित्रकूट विशेष क्षेत्र प्राधिकरण ने फराज के पिता मुन्ने खां को अवैध निर्माण के खिलाफ नोटिस जारी किया था। फराज के घर में पेंट और प्लाई आदि की दुकान है। नोटिस के बाद दुकान बंद चल रही थी और घर के आगे तिरपाल लगा दी गई थी। 27 मई को प्रशासन ने यहां फिर से नापजोख की थी और तब से ही माना जा रहा था कि जल्द ही यहां बुलडोजर धावा बोलेगा।
रूट डायवर्जन किया गया
गौरतलब है कि फराज का आवास नगरपालिका परिषद कार्यालय के पास हाईवे पर स्थित है। ऐसे में यहां पर हर समय वाहनों का आवागमन होता रहता है। लोगों को दिक्कत न हो, इसलिए प्रशासन ने रूट डायवर्जन भी किया था।
