पीलीभीत: सेवानिवृत्त दरोगा ने बेटे संग हवालात में डालने का लगाया आरोप, बोला- 25 हजार लेकर छोड़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। फरियादियों को अनसुना करना,  धाराओं में खेल और डरा धमकाकर हवालात में डालने के वैसे तो कई बार पुलिस पर आरोप लगते रहे हैं। मगर, इस बार पीड़ित खुद एक सेवानिवृत्त दरोगा है। उन्हें बेटे के साथ बीसलपुर कोतवाली में पहले हवालात में डालकर अभद्रता की गई और फिर सुविधा शुल्क लेकर छोड़ा गया। तत्कालीन कोतवाल समेत कुछ अन्य पुलिसकर्मियों पर संगीन आरोप लगाते हुए सेवानिवृत्त दरोगा ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की है। उनका कहना है कि अभी फिलहाल कोई सुनवाई नहीं हो सकी है।

बीसलपुर क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने एडीजी बरेली कार्यालय में एक शिकायती पत्र दिया था। जिसमें बताया कि वह पुलिस विभाग में दरोगा पद पर कार्यरत थे। 31 जनवरी 2021 को सेवानिवृत्त हो गए। छह मई को उनकी पिकअप गाड़ी से गोपी टाकीज के पास गली में दूध की पेटी उतर रही थी। रात करीब साढ़े दस बजे पिकअप चालक को नशे की हालत में आए कुछ लड़कों ने गाली गलौज के बाद पीटना शुरू कर दिया। 

चालक ने फोन कर बताया तो वह अपने बेटे के साथ मौके पर पहुंच गए। उस वक्त काफी लोग जमा थे। बीच बचाव कराने पर उनकी भी पिटाई कर दी। इसकी सूचना मिलने पर यूपी 112 पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्हें व बेटे को गाड़ी में बैठा कर कोतवाली ले आए और बंद कर दिया। मोबाइल छीन लिए। कुछ देर बाद हवालात से निकालकर कार्यालय में फर्श पर बैठा दिया।  जब तत्कालीन कोतवाल को बताया कि वह सेवानिवृत्त दरोगा हैं और 40 साल तक पुलिस विभाग की सेवा की है। उसके बाद भी कोई बात नहीं सुनी और वापस हवालात में कर दिया। 

आरोप है कि मुंशी ने लड़के की जेब में रखे 5300 रुपये निकाल लिए। परिवार वाले और रिश्तेदारों को डरा धमकाकर 25 हजार रुपये ऐंठ लिए और दस हजार रुपये बाद में देने की बात कह दी गई। आरोप है कि फिर एक सिपाही बार-बार उनके पास कॉल करके दस हजार रुपये की मांग कर रहा है। उन्होंने कहा कि बीसलपुर के तत्कालीन कोतवाल और अन्य पुलिसकर्मियों ने उन्हें निर्दोष होते हुए भी बेइज्जत किया। एडीजी से शिकायत कर रुपये वापस कराने व न्याय दिलाने की गुहार लगाई।  पीड़ित ने बताया कि अभी मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत में दबंगई: लेखपाल को पीटा, बचाने आई युवती पर भी जानलेवा हमला..जानिए पूरा मामला

संबंधित समाचार