हल्द्वानी: सुगम यातायात पर नासूर बने 12 रूट के 4 ऑटो स्टैंड
हल्द्वानी, अमृत विचार। आईजी डॉ.निलेश आनंद भरणे की प्राथमिक सूची में शामिल सुगम यातायात को अमलीजामा पहनाने की कवायद शुरू तो हो चुकी है, लेकिन अब जाम की समस्या को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए बुधवार को आईजी ने शहर की गहन समीक्षा की। पाया कि शहर के 12 रूटों पर सिर्फ 4 टेंपो स्टैंड जाम की बड़ी वजह है।
कैंप कार्यालय में क्षेत्राधिकारी यातायात और एंटी न्यूसेंस स्क्वाड के साथ बैठक करते हुए आईजी ने यातायात में बाधक बने ऑटो और ई-रिक्शा के खिलाफ एक सप्ताह का अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में सामने आया कि शहर में 12 रूट पर केवल 4 ऑटो स्टैंड, पार्किंग की कमी, बिना परमिट वाहन और अतिक्रमण जाम की मुख्य वजह है। बैठक में समाधान पर मंथन करते हुए कहा गया कि सहायक सम्भागीय अधिकारी को साथ परमिट के आधार पर स्टैंड और सड़क पर कार्रवाई की जाए।
जाम से निपटने के लिए ऐसे चलेगा अभियान
1. ऑटो और ई- रिक्शा का रुट निर्धारण किया जाए। ऑटो स्टैंड की क्षमता का आंकलन कर नए स्टैण्ड बनाए जाए।
2. बिना परमिट के चल रहे ऑटो, ई रिक्शा आदि पर कार्रवाई
3. एचएन इंटर कालेज, सरगम सिनेमा के आगे और जेल रोड पर नए ऑटो स्टैण्ड स्थापित किए जाएं।
4. एसटीएच के सामने खड़े ऑटो रिक्शा को ऑटो स्टैंड एफटीआई के सामने स्थापित किया जाए।
5. ऑटो स्टैंड पर नई टोकन व्यवस्था, रूट निर्धारण, समय आदि अंकित किया जाए।
6. ऑटो रिक्शा के रूट निर्धारित कर ऑटो पर अलग-अलग कलर कोडिंग की जाए।
भारी पुलिस बल के साथ चलेगा अभियान
हल्द्वानी : यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कलर कोडिंग को ऑटो पर चिपकाया जाएगा। ताकी ऑटो रूट पर चलें और गलत रूट पर चलने वाले ऑटो का चालान किया जाएगा। इस अभियान के दौरान संबंधित थाना, चौकी प्रभारी भी मौजूद रहेंगे। साथ में पुलिस लाइन का बल, होमगार्ड और पीआरडी जवान भी लगाए जाएंगे। थाना और चौकी प्रभारी अभियान के दौरान अपनी कार्यवाही प्रेषित करेंगे।
इस रूट पर ऑटो का संचालन प्रतिबंधित
हल्द्वानी : मंगल पड़ाव से ओके होटल तिराहा तक ऑटो रिक्शा के लिए जीरो जोन होगा। सिंधी तिराहे से हिंदू धर्मशाला रामपुर रोड और हिंदू धर्मशाला से सती मिष्ठान भंडार तिराहा कालाढूंगी रोड ऑटो रिक्शा पर प्रतिबंध रहेगा। नो-पार्किंग में खड़े वाहनों को प्राइवेट क्रेन जब्त किया जाएगा। ये क्रेन मुख्यत: कोतवाली हल्द्वानी, थाना मुखानी, बनभूलपुरा और काठगोदाम थानाक्षेत्रों में चलेगी।
हल्द्वानी कुमाऊं का प्रवेश द्वारा है और पर्यटन सीजन शिखर पर है। आमजता को भी सुविधा मिले और जाम भी न लगे इस देखते हुए एक सप्ताह के लिए क्षेत्राधिकारी यातायात तथा यातायात पुलिस, सीपीयू प्रभारी व टीम को निर्देशित किया गया है।
-डॉ.निलेश आनंद भरणे, आईजी कुमाऊं
