अमरोहा: किसान को घर में घुसकर गोली मारी, गंभीर हालत में रेफर
DEMO IMAGE
अमरोहा, अमृत विचार। हत्या से जुड़े मामले में खिलाफ गवाही देने के बाद से चल रही रंजिश के बीच किसान को घर में घुसकर गोली मार दी। हमला करने के बाद दहशत फैलाने के लिए आरोपी तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए किसान की हालत गंभीर देखते हायर सेंटर रेफर किया है। किसान के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ जानलेवा हमला करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव चकमजदीपुर की है। यहां किसान रामकुंवर सिंह का परिवार रहता है। 6 जून 2018 में उनके भाई डल्लू सिंह की गांव में ही गला काटकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में गांव निवासी गोलू उर्फ विश्वजीत भी आरोपी हैं। बीते दिनों इस केस में रामकुंवर ने कोर्ट में उसके खिलाफ अपनी गवाही दी थी। इसे लेकर तभी से आरोपी पक्ष रंजिश मानता है। मंगलवार देर शाम रामकुंवर अपने खेत से घर लौटे थे।
आरोप है कि इसी बीच गोलू और उसका पिता जयवीर भी पीछे से घर घुस में आए। दोनों ने ही अपने हाथ में तमंचा ले रखे थे। इस दौरान गोलू ने अचानक ही अपने से फायर कर दिया, गनीमत रही कि गोली हाथ पर लगी, हमले में रामकुंवर लहूलुहान होकर गिर पड़े। फायर की आवाज सुनकर मौके पर भीड़ जुट गई तो आरोपी पिता-पुत्र तमंचे लहराते हुए गांव से फरार हो गए। एसओ रमेश सहरावत ने मामले में घायल किसान के बेटे राजवीर की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू करने की बात कही।
यह भी पढ़ें- अमरोहा: नाबालिग से छेड़खानी के दोषी को चार साल की सजा, जानिए पूरा मामला
