बदायूं: नशे में धुत्त होकर कार दौड़ा रहे नायब तहसीलदार ने बाइक को रौंदा, जमकर हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीड़ित के भाई की तहरीर पर नायब तहसीलदार के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट

बदायूं, अमृत विचार। नशे में धुत होकर कार दौड़ा रहे तहसील सदर के नायब तहसीलदार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। सड़क पर जमकर हंगामा किया। बाइक सवार को पीटा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस से भी गाली-गलौज की।

पुलिस ने जिला अस्पताल ले जाकर मेडिकल परीक्षण कराया और कोतवाली ले आई। बाइक सवार के भाई की तहरीर पर नायब तहसीलदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जिलाधिकारी ने एडीएम प्रशासन को जांच अधिकारी नामित किया है।

कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र के मोहल्ला चित्रांश नगर निवासी मनोज कुमार शर्मा पुत्र चंद्रभान शर्मा ने तहरीर देकर बताया कि उनके बड़े भाई अर्जुन शर्मा बुधवार की रात लगभग 10 बजकर 20 मिनट पर बाइक से उनके घर मोहल्ला इंद्रानगर से अपने घर जा रहे थे।

मोहल्ला आदर्श नगर के जैन अस्पताल के पास आवास विकास की ओर से तेज रफ्तार से आई नायब तहसीलदार की कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे अर्जुन शर्मा जमीन पर गिर गए और उनका एक हाथ टूट गया। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।

कार सवार बाहर निकले। बाइक को टक्कर मारने के बाद भी जिला मेरठ के थाना भावनपुर क्षेत्र के गांव इस्लामाबाद छिलौरा निवासी अमित कुमार ने गाली-गलौज करते हुए अर्जुन शर्मा को पीटना शुरू कर दिया। वह खुद को नायब तहसीलदार बता रहे थे।

वहां से गुजर रहे माल गोदाम रोड निवासी मनोज कुमार सिंह ने फोन करके मनोज कुमार शर्मा को सूचना दी। जानकारी होने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस के सामने भी अमित कुमार खुद को नायब तहसीलदार बता रहे थे। वह पुलिस से भी भिड़ गए। जिसके बाद कोवताली सिविल लाइन के प्रभारी निरीक्षक गौरव विश्नोई भी मौके पर गए।

उन्होंने समझाने की कोशिश की लेकिन नायब तहसीदार पुलिस को भी गाली देने लगे। पुलिस ने नायब तहसीलदार का मेडिकल परीक्षण किया और कोतवाली ले गई। तहसीलदार, अन्य नायब तहसीलदार और स्टाफ कोतवाली पहुंचा और आरोपी नायब तहसीलदार को ले गए। तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अमित कुमार के खिलाफ मारपीट, धमकाने, टक्कर मारने, धमकाने समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। जिलाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एडीएम से जांच कराई जा रही है।

पुलिस को दी गाली, वीडियो हुआ वायरल
घटनास्थल के बाद पुलिस नायब तहसीलदार को लेकर मुआयना के लिए जिला अस्पताल लेकर गई थी। यहां भी नायब तहसीलदार ने जमकर हंगामा किया। कहा मैं क्रांति कर दूंगा। पुलिसकर्मियों को गाली दी। कहा वर्दी वालों की इतनी औकात नहीं है।

गाली देते ही सिपाहियों ने कहा कि साहब देखो गाली मत दो। इनके बाद भी नायब तहसीलदार ने सिविल लाइन के प्रभारी निरीक्षक से भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पुलिस की दो कौड़ी की औकात बता रहे थे। मामला बिगड़ता देखकर तहसीलदार ने आरोपी नायब तहसीलदार को गाड़ी में बैठाकर भेजा।

यह भी पढ़ें- बदायूं: अमृत विचार के लकी ड्रा में निकला जूसर मिक्सर, चेयरमैन बोलीं- अखबार सच का आईना...

संबंधित समाचार