Fatehpur News : मकान कब्जाने पहुंचे उपद्रवियों ने लाल मिर्च उड़ा चलाए पत्थर, आधा घंटा तक मचाया ताडंव
फतेहपुर में मकान कब्जाने पहुंचे उपद्रवियों ने लाल मिर्च उड़ा चलाए पत्थर।
फतेहपुर के खागा कोतवाली के सराफा बाजार में आधा घंटा तक उपद्रवियों ने तांडव मचाया। मकान कब्जाने पहुंचे उपद्रवियों ने लाल मिर्च उड़ा पत्थर चलाए।
फतेहपुर, अमृत विचार। नगर पंचायत के सराफा बाजार का एक मकान कब्जाने आए दबंगों ने आधा घंटा उपद्रव काटा। मोहल्ले में लाल मिर्च उड़ाकर पथराव किया। सोशल मीडिया पर उपद्रव का वीडियो वायरल होने पर कोतवाली पुलिस के घटनास्थल पहुंचने से पहले ही मकान पर कब्जा करने आए उपद्रवी भाग निकले।
लाल मिर्च का पाउडर मोहल्ले में चारों तरफ फैलाकर उपद्रवियों ने दशहत भी फैलाने का काम किया। उपद्रवी सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के एक गांव के बताए जाते हैं। जो डिब्बे में लाल मिर्च का पाउडर लेकर पहुंचे थे। इन उपद्रवियों ने किसी तरह का मौका न देने की योजना के तहत डिब्बे फाड़ फाड़कर मिर्च उड़ाना शुरू कर दी। जिससे बाहर आए लोग एक बारगी घरों में जा दुबके।
इस दौरान उपद्रवियों ने गाली गलौच करते हुए मकान खाली करने की धमकी दी। आधे घंटे मिर्च पाउडर फेंककर कथित कब्जे वाले घर पर पत्थरबाजी की। जिससे प्रतिकार शुरू हो गया। पीरवी मौके पर पहुंची लेकिन दोनों तरफ से पत्थरबाजी और गाली-गलौज का दौर चलता रहा। पुलिस कर्मियों के सामने सड़क पर हुए बवाल का कुछ राहगीरों ने वीडियो भी बनाना शुरू कर दिया।
उपद्रव तब थम सका जब कोतवाली पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची। जिसके बाद सभी उपद्रवी मौके से फरार हो गए। हवा में उड़ाए गए मिर्च पाउडर से पूरे दिन मुहल्ले के बुजुर्ग तथा नौनिहाल परेशान रहे। इस मामले में कोतवाल अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। मिलने पर उचित कार्यवाही की जायेगी।
इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो, नहीं हुई कार्रवाई
सराफा बाजार मोहल्ले की इस पूरी वारदात का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर देर शाम वायरल हो गया। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन कार्रवाई से बचने के लिए सीसीटीवी फुटेज को न देखकर तहरीर मिलने का इंतजार कर रहा है। ऐसे में हाईटेक राह बढ़ रही पुलिसिंग सिस्टम पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
