मुरादाबाद: दुष्कर्म के बाद निकाह, अब दे दिया तीन तलाक
मुरादाबाद, अमृत विचार। पहले युवक ने अकेली पाकर युवती के साथ दुष्कर्म किया। मामला पुलिस तक पहुंचा तो रिपोर्ट दर्ज हो गई। घबराए आरोपी ने जेल जाने के डर से पीड़िता से निकाह कर लिया। छह माह बाद जब युवती को विदा कराने का नंबर आया तो दहेज की मांग कर दी। मांग पूरी न …
मुरादाबाद, अमृत विचार। पहले युवक ने अकेली पाकर युवती के साथ दुष्कर्म किया। मामला पुलिस तक पहुंचा तो रिपोर्ट दर्ज हो गई। घबराए आरोपी ने जेल जाने के डर से पीड़िता से निकाह कर लिया। छह माह बाद जब युवती को विदा कराने का नंबर आया तो दहेज की मांग कर दी। मांग पूरी न होने पर तीन तलाक देकर रिश्ता तोड़ लिया। पीड़िता ने आरोपी पति के खिलाफ कार्रवाई के लिए मझोला थाने में तहरीर दे दी है।
पीड़िता कटघर थाना क्षेत्र के मोहल्ला आबिद नगर की रहने वाली है। उसका कहना है कि वह अपनी मां के साथ मझोला थाना क्षेत्र में लाकड़ी बाईपास के पास बने एक कबाड़ के गोदाम में काम करने जाती थी। ग्राम मंगूपुरा निवासी फहीम व बिलारी थाना क्षेत्र के मोहल्ला अंसारियान निवासी शौकीन अक्सर गोदाम पर आते थे। दोनों मां के करीबी रिश्तेदारों में थे, लिहाजा उसके साथ मजाक करते थे।
पीड़िता के अनुसार, करीब सवा साल पहले वह गोदाम में अकेली थी। तभी फहीम और शौकीन आ गए। आरोप है कि उसे अकेला पाकर शौकीन ने उसके साथ दुष्कर्म किया, बाद में फहीम ने भी बदसलूकी की। करीब एक साल पहले उसने दोनों के खिलाफ मझोला थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद जब आरोपी को जेल जाने का डर सताने लगा तो वह समझौता करने आ गया। समझौते के मुताबिक फहीम के साथ उसका निकाह हो गया। निकाह में उसके परिजनों के करीब दो लाख रुपए खर्च हुए।
निकाह के छह माह बाद विदाई कराने की बात तय हुई। पीड़िता का कहना है कि दहेज में पांच लाख रुपए और सेंट्रो कार की मांग कर रहे हैं। आरोप है कि दहेज से इंकार करने पर घर आकर मारपीट की और तीन तलाक दे दिया। पीड़िता ने मझोला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी है।
