Haldwani News : हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में दो प्रोफेसरों की नियुक्ति, शासन ने एक प्रोफेसर व एक असिस्टेंट प्रोफेसर को भेजा दून
हल्द्वानी, अमृत विचार। शासन ने हल्द्वानी राजकीय मेडिकल कॉलेज के बॉयोकैमिस्ट्री और पैथोलॉजी विभाग में एक-एक प्रोफेसर की नियुक्ति की है। जबकि फिजियोलॉजी से एक प्रोफेसर तथा पैथोलॉजी से एक असिस्टेंट प्रोफेसर को दून मेडिकल कॉलेज भेजा है।
चिकित्सा शिक्षा सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने हल्द्वानी, अल्मोड़ा और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में तैनात करीब 12 डॉक्टरों के तबादले किए हैं। इनमें 9 को देहरादून, 2 हल्द्वानी तथा 1 को रुद्रपुर भेजा है। जारी आदेश के मुताबिक, श्रीनगर से बॉयोकैमिस्ट्री की प्रोफेसर डॉ. संगीता सिंह व अल्मोड़ा से पैथोलॉजी की प्रोफेसर डॉ. उषा जोशी को हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। वहीं, अल्मोड़ा से जनरल सर्जरी के प्रोफेसर डॉ. केदार शाही का रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज तबादला हुआ है।
इसके अलावा हल्द्वानी से फिजियोलॉजी के प्रोफेसर डॉ. अनंत नारायण सिन्हा, अल्मोड़ा से चर्म रोग विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. श्रुति बरनवाल, श्रीनगर से माइक्रोबॉयोलॉजी की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. निधि नेगी, अल्मोड़ा से माइक्रोबॉयोलॉजी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दीपक जुयाल, फिजियोलॉजी की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अंकिता जुयाल, जनरल मेडिसिन के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अरुण पांडे व डॉ. सोनिया, हल्द्वानी से पैथोलॉजी की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रियंका असवाल तथा अल्मोड़ा से बॉयोकैमिस्ट्री के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. राजीव कुशवाह को दून मेडिकल कॉलेज भेजा है। सभी डॉक्टरों को एक सप्ताह के अंदर कार्यभार ग्रहण करने के आदेश दिए गए हैं।
इधर, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. आशुतोष सयाना ने बताया कि लंबे समय से डॉक्टर तबादले की मांग कर रहे थे। किसी ने पारिवारिक तो किसी ने बीमारी की वजह बताई थी। प्रस्ताव निदेशालय को भेजा गया था, जिस पर सचिव ने आदेश जारी कर दिये हैं।
यह भी पढ़ें- हल्द्वानी: प्राधिकरण के अधिकारी से रंगदार पत्रकार दंपति ने मांगी 20 लाख की रंगदारी
