रामपुर: जिले के हर ब्लॉक की दो बड़ी बाजार हाई मास्ट लाइटों से होंगी जगमग
पंडित दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण बाजार योजना के तहत छह ब्लॉकों में लगेंगी 139 लाइटें, राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा सारा खर्च
रामपुर, अमृत विचार। पंडित दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण बाजार योजना के तहत जिले के हर ब्लॉक की दो बड़ी बाजार हाई मास्ट लाइटों से जगमग होंगी। राज्य सरकार द्वारा जिले भर में 139 लाइटें लगवाई जाएंगी। पंचायत निधि से प्रधानों द्वारा प्रस्ताव दिया जाता है तो अनुदान कार्यक्रम के तहत 7100 रुपये का अनुदान दिया जाएगा। लाइटें लगाए जाने में जो खर्च आएगा उसे राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
गांवों में मुख्य बाजारों में शाम ढले अंधेरा पसर जाता है और दुकानदारों को पैट्रोमेक्स या मोमबत्ती जलाकर सामान समेटना पड़ता है। लेकिन, अब बजारें हाईमास्ट लाइटों से जगमग होंगी और दुकानदारों को मिट्टी के तेल की डिबिया, पैट्रोमेक्स या मोमबत्ती से निजात मिल जाएगी।
शाम ढलने के बाद भी दुकानदारी की जा सकती है। हालांकि, बाजारों में दोपहर से दुकानदारी शुरू हो जाती है और शाम ढलते ही दुकानदार अपना सामान समेटने लगते हैं। लेकिन, गांव के बड़े बाजारों में लाइटें लगने के बाद दुकानदार रात को भी दुकानदारी कर सकेंगे। जिसका ग्राहकों को भी फायदा मिलेगा।
प्रस्ताव मिलने के बाद गांवों में लाइटें लगवाए जाने का काम शुरू करा दिया जाएगा। हालांकि, लाइटें लगवाए जाने का खर्च राज्य सरकार अदा करेगी। लेकिन, प्रस्ताव सभी छह ब्लॉकों से ग्राम प्रधानों द्वारा दिए जाने हैं कि किन बाजारों में हाई मास्ट लाइटें लगवाई जानी हैं। - संजय, वरिष्ठ परियोजना अधिकारी, नेडा।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : हर जिले में आयोजित होंगे व्यापारी सद्भावना सम्मेलन, किसान भी बनेंगे हिस्सा
