76 साल के हुए लालू यादव, समर्थकों और परिवार ने मनाया जश्न

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

पटना। बिहार में भीषण गर्मी से बेपरवाह राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रविवार को पार्टी संस्थापक अध्यक्ष लालू प्रसाद का 76वां जन्मदिन मनाया। पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष के जन्मदिन के अवसर पर यहां अनुयायियों और परिवार के सदस्यों की उपस्थिति में 76 पाउंड वजन का एक विशाल केक काटा गया।

ये भी पढ़ें - गर्भवती महिलाएं करें 'सुंदरकांड' का पाठ और पढ़ें रामायण : राज्यपाल 

पटना के कई हिस्सों में राजद कार्यकर्ताओं द्वारा गरीबों को भोजन करवाया गया। इस अवसर की विशिष्टता राजद के अब प्रदेश में सत्ता में होने एवं पार्टी सुप्रीमो के शहर में रहने के कारण और भी बढ़ गई क्योंकि पिछले कई वर्षों से जेल की सजा और खराब स्वास्थ्य ने उन्हें अपने जन्मदिन पर अपने लोगों से दूर रखा था।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यहां दस सर्कुलर रोड स्थित अपनी पत्नी राबड़ी देवी को आवंटित सरकारी बंगले में रह रहे हैं। वहां आधी रात को ही उस समय जश्न शुरू हो गया था जब उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव सहित परिवार के सदस्यों से घिरे हुए उन्होंने छोटा सा केक काटा। तेजस्वी यादव राज्य के उपमुख्यमंत्री हैं। राजद सुप्रीमो की पुत्री रोहिणी आचार्य इस अवसर पर मौजूद थीं।

उन्होंने पिछले साल अपने पिता को अपनी एक किडनी दान किया। इस अवसर पर लालू के बड़े बेटे और बिहार सरकार में मंत्री तेज प्रताप यादव ने अपने पसंदीदा देवता भगवान कृष्ण से जुड़े उत्तर प्रदेश के एक शहर बरसाना में दिन बिताने का फैसला किया। तेज प्रताप ने ट्विटर पर लालू के साथ एक वीडियो कॉल पर बातचीत का एक क्लिप साझा किया है जिसमें उन्होंने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।

राजद प्रमुख के जन्मदिन के अवसर पर उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुभकामनाएं दी हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजद सुप्रीमो को उनके जन्मदिन की बधायी एवं शुभकामना देते हुए उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना की है। कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह लालू को उनके जन्मदिन की बधाई देने के लिए दस सर्कुलर रोड पहुंचे थे।

ये भी पढ़ें - विकल्प न होने पर ही स्वीकार करें CEC का पद, राजीव गांधी और वेंकटरमन ने टीएन शेषन को दी थी सलाह

संबंधित समाचार