संभल: प्रेमी की सूचना पर पुलिस ने रुकवाई नाबालिग की शादी, बरात लौटा
थाना रजपुरा क्षेत्र के गांव का मामला, धरी रह गईं शादी की तैयारियां
संभल/रजपुरा,अमृत विचार : रजपुरा थाना क्षेत्र में प्रेमी ने नाबालिग की शादी रुकवाने के लिए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शादी रुकवा दी तो दूल्हा भी बरात लेकर चला गया। शादी की तैयारियां धरी रह गईं। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक प्रेम प्रसंग के चलते दूसरे समुदाय की किशोरी को ले गया था। किशोरी के परिजनों ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने किशोरी को भी बरामद करके नारी निकेतन भेज दिया था जबकि युवक को जेल भेजा गया था। इस बीच पुलिस की जांच में यह बात सामने आई कि किशोरी के आधार कार्ड के मुताबिक बालिग है लेकिन शिक्षा प्रमाण पत्रों में नाबालिग है। कुछ समय बाद परिजन किशोरी को घर ले आए तो युवक भी जमानत पर छूट गया।
परिजनों ने किशोरी की शादी जनपद अमरोहा निवासी युवक से तय कर दी। रविवार को दूल्हा बरात लेकर पहुंच गया। जिसकी जानकारी किशोरी के प्रेमी हो गई। प्रेमी ने पुलिस को किशोरी की शादी की सूचना दे दी। फिर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने शादी रुकवा दी। आनन फानन में दूल्हा और उसके पक्ष के लोग भी बरात लेकर खिसक गए। प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत पर नाबालिग की शादी रुकवा दी गई है।
ये भी पढ़ें - संभल: ढाढोल बवाल पर लापरवाही में एक दरोगा और दो सिपाही निलंबित
